उदपुर स्कूल के सामने खनन मार्ग पर विरोध पदर्शन करते स्कूल प्रबंधन, अभिभावक एवं छात्र। स्कूल
चौसाना। बिडोली-भड़ी मार्ग पर उदपुर स्थित मैक्सिकन पब्लिक स्कूल के पास से रेत खनन के ओवरलोड डंपरों की आवाजाही के विरोध में शनिवार को विद्यार्थियों और शिक्षकों ने प्रदर्शन किया। स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों ने डीएम शामली, एसडीएम ऊन को ज्ञापन सौंपकर खनन से लदे वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ता निर्धारित करने की मांग की।
प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार ने बताया कि विद्यालय के पास से भारी डंपर गुजरने के कारण बच्चों की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है। इससे पढ़ाई प्रभावित होने के साथ प्रदूषण और हादसों की आशंका भी है। करीब 10 दिन पहले डीएम को ज्ञापन देकर डंपरों की आवाजाही रोकने की मांग की गई थी। आश्वासन के बावजूद पिछले दो-तीन दिनों से फिर डंपर निकाले जा रहे हैं।
शिक्षक आशीष कुमार ने प्रशासन से बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। जिलाधिकारी आलोक यादव का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी।