शामली में हादसे में मरे महरमपुर निवासी शकिब का फाइल फोटो। स्रोत परिजन
कांधला में रामलीला मेला देखकर अपने गांव महरमपुर लौट रहे थे बाइक सवार
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव बलवा चौक के निकट रविवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार कक्षा 10 के छात्र शाकिब (17) की मौत हो गई और उनके भाई समेत दो युवक घायल हो गए। तीनों रामलीला मेला देखकर बाइक से घर लौट रहे थे। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया।
आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के गांव महरमपुर निवासी शाकिब, अपने भाई मनव्वर और पड़ोसी शाकिर बाइक पर सवार होकर रविवार शाम को घर से कांधला में रामलीला मेले देखने गए थे। देर रात करीब साढ़े 12 बजे तीनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे। शहर कोतवाली क्षेत्र में बलवा चौक के निकट पहुंचे तो सामने से आ रहे किसी वाहन की बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर लगने से बाइक सवार तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गए। पुलिस तीनों घायलों को अस्पताल ले गई, जहां पर चिकित्सकों ने शाकिब को मृत घोषित कर दिया। उसके गले पर गहरी चोट लगी थी।
हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से भाग गया। मृतक के भाई मेहरबान ने पुलिस में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। मृतक के चचेरे भाई मुबारिक ने बताया कि शाकिर कक्षा दस का छात्र था। वह सात भाई-बहनों में चौथे नंबर के थे। उनके पिता याकूब मजदूरी कर परिवार पालन-पोषण करते हैं। छात्र की मौत से परिजनों में गम का माहौल है।
जांच अधिकारी उप निरीक्षक मुकेश दिनकर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज व अन्य माध्यमों से आरोपी वाहन चालक की तलाश की जा रही है।