शामली। जिले में नगर निकाय चुनाव को लेकर बृहस्पतिवार को होने वाले मतदान को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। जिले को तीन सुपर जोन, 12 जोन और 36 सेक्टर में बांटकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। तीन हजार से ज्यादा पुलिस बल और अर्द्धसैनिक बलों की निगरानी में मतदान होगा। संवेदनशील व अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। मतदान केंद्रों के आसपास के इलाकों की ड्रोन कैमरे से निगरानी की जाएगी।
जिले में तीन नगरपालिका शामली, कैराना व कांधला और सात नगर पंचायत बनत, थानाभवन, जलालाबाद, गढ़ीपुख्ता, झिंझाना, ऊन व एलम में अध्यक्ष और वार्ड सदस्यों के लिए बृहस्पतिवार को मतदान होगा। मतदान को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए हैं। मतदान केंद्रों पर पुलिस व अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती रहेगी। मतदान के लिए शामली जिले के अलावा दूसरे जिलों से पुलिस बल पहुंच चुका है। एएसपी ओपी सिंह ने बताया जिले में तीन सुपर जोन, 12 जोन और 36 सेक्टर बनाकर सुपर जोनल, जोनल और सेक्टर पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है। मतदान के लिए जिले में एक कंपनी बीएसएफ, दो कंपनी पीएसी, 300 निरीक्षक व उपनिरीक्षक, दो हजार मुख्य आरक्षी व आरक्षी और एक हजार से ज्यादा होमगार्ड ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। इसके अलावा जिले में 18 कलस्टर मोबाइल और प्रत्येक थाने पर दो-दो क्यूआरटी और पांच महिला क्यूआरटी बनाई गई है। मतदान के दौरान कहीं से किसी तरह की सूचना मिलते ही क्यूआरटी तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगी। कलस्टर मोबाइल मतदान वाले क्षेत्रों में लगातार भ्रमण पर रहेगी। जिले में चिह्नित संवेदनशील व अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरक्ति पुलिस व अर्द्धसैनिक बल की तैनाती रहेगी। मतदान केंद्रों व उसके आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन कैमरे से निगरानी की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले व बाहर से आए अन्य जिलों के पुलिस अधिकारियों व कर्मियों को उनकी ड्यूटी व दायित्वों के बारे में पहले ही ब्रीफ किया जा चुका है। मतदान केंद्रों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जा चुकी है। एएसपी ने कहा कि अगर किसी ने मतदान के दौरान गड़बड़ी या शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश की तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।