फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shamli News: वसूली को लेकर ट्रक चालक से मारपीट, दो घंटे हाईवे रहा जाम

विज्ञापन
बिडौली। मेरठ–करनाल नेशनल हाईवे पर वसूली केंद्र पर हंंगामा करते  ट्रक ड्राइवर । संवाद
विज्ञापन
बिडौली। मेरठ-करनाल हाईवे पर हरिनगर के निकट जिला पंचायत के ठेके की आड़ में डंडे के बल पर वसूली करने का विवाद नहीं थम रहा है। आरोप है कि मंगलवार देर रात वसूली के दौरान ट्रक चालक से मारपीट की गई और डंडा मारकर ट्रक का शीशा तोड़ दिया गया। इसके विरोध में चालकों ने हंगामा करते हुए ट्रकों को हाईवे पर खड़ा कर दिया, जिससे दो घंटे तक हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस के समझाने पर चालक ट्रक लेकर रवाना हुए। पुलिस ने चार युवकों को पकड़कर उनका शांति भंग में चालान कर दिया।
विज्ञापन

बिडौली के निकट जिला पंचायत के ठेके के नाम पर वसूली की जाती है। ट्रक चालकों का आरोप है कि डंडे के बल पर वाहनों को रोककर उनसे अवैध तरीके से वसूली की जाती है। यूपी ड्राइवर एकता मजदूर एसोसिएशन के ब्लॉक अध्यक्ष सरवन चौहान ने बताया कि मंगलवार रात में करीब एक बजे जिला पंचायत के नाम पर वसूली करने वाले लोग सड़क पर डंडे लेकर खड़े हो गए और लुधियाना के ट्रक चालक की गाड़ी के शीशे पर डंडा मारकर तोड़ दिया गया। युवकों ने चालक का मोबाइल छीन लिया और उसके साथ मारपीट व अभद्रता की गई। इसकी जानकारी मिलने पर ट्रक चालकों में आक्रोश व्याप्त हो गया। चालकों ने अपने वाहन हाईवे पर खड़े कर दिए और करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा। जाम के दौरान दोनों तरफ ट्रकों व अन्य वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बाधित रहा। चालकों ने आरोपी युवकों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालकों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। इसके बाद यातायात चालू हुआ। इस मामले में पुलिस ने वसूली करने वाले चार युवकों सुमित, दीपक व आयुष निवासी गांव कैड़ी थाना बाबरी और सुशांत निवासी मालेंडी को पकड़ लिया और उनके खिलाफ झगड़े की आशंका के चलते शांति भंग की धारा के तहत चालान कर दिया। ट्रक चालकों ने मंगलवार को भी वसूली को लेकर मौके पर विरोध प्रदर्शन किया था।

ड्राइवर एकता मजदूर एसोसिएशन ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
उप्र ड्राइवर एकता मजदूर एसोसिएशन ने बुधवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम अरविंद कुमार चौहान को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद दिलमान साजिद ने आरोप लगाया कि ग्राम बिडौली क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर वाहनों से जबरन धन वसूला जा रहा है, जबकि नेशनल हाईवे केंद्र सरकार के अधीन आते हैं और वाहन चालक पहले से टोल टैक्स का भुगतान कर रहे हैं। इसके बावजूद जिला पंचायत के नाम पर वसूली की जा रही है। वसूली न देने पर चालकों के साथ मारपीट और जान से मारने की कोशिश तक की जाती है, जिससे ड्राइवरों में दहशत का माहौल है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी प्रशासन को प्रार्थना पत्र दिया गया था, जिस पर कुछ समय के लिए वसूली बंद हो गई थी, लेकिन अब फिर से वसूली शुरू कर दी गई है। संगठन ने हाईवे पर वसूली पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। डीएम ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें