एलम में प्रदर्शन करते नगर पंचायत कर्मचारी। संवाद
कांधला। कस्बा एलम में सरकारी निर्माण कार्य के दौरान नगर पंचायत कर्मचारी के साथ मारपीट और गला घोंटने के प्रयास के विरोध में सफाई कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। स्वच्छता कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने नगर पंचायत कार्यालय पर प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही कार्रवाई न होने तक कार्य बहिष्कार जारी रखने की चेतावनी दी।
नगर पंचायत के कर्मचारी प्रयास पंवार के अनुसार मंगलवार शाम वह नगर पंचायत की भूमि पर चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे थे। आरोप है कि वहां मौजूद तीन लोगों ने निर्माण कार्य रुकवाने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ अभद्रता की और मारपीट कर गले में पड़े गमछे से गला घोंटने का प्रयास किया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ लोगों को हिरासत में लिया, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। घटना के 24 घंटे बाद भी कार्रवाई न होने से नाराज कर्मचारियों ने नगर पंचायत पहुंचकर प्रदर्शन किया और अधिशासी अधिकारी समीर कश्यप को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन में प्रयास पंवार, अमन, विनोद, बिंदर, उषा, कर्मपाल, आदित्य, सौरभ शर्मा, नवीन, अंकुश, विपिन, राहुल सहित दर्जनों कर्मचारी मौजूद रहे।
अधिशासी अधिकारी समीर कश्यप ने बताया कि मामले में थाना प्रभारी को लिखित शिकायत दी गई है। कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है तथा मामले में उचित कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को छोड़ने का आरोप गलत है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।