बाइक मार्च निकाल दिया सुरक्षा का संदेश
शामली। होली के त्योहार पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसपी के नेतृत्व में बाइकों पर पुलिस बल के साथ शहर में संवेदनशील इलाकों का भ्रमण किया और लोगों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। डीएम-एसपी ने जिले में संवेदनशील इलाकों में भ्रमण कर लोगों से शांति एवं सदभाव से होली मनाने की अपील की।
रविवार को सुबह शहर कोतवाली से बाइकों पर बड़ी संख्या में पुलिस ने मार्च निकाला। एसपी विनीत जायसवाल के नेतृत्व में निकाला गया बाइक मार्च शहर के मुख्य मार्गों, बाजारों से होते हुए संवेदनशील इलाकों में पहुंचा। एसपी ने संवेदनशील मोहल्लों पंसारियान, कलंदरशाह, आजाद चौक, दिल्ली रोड आदि में पहुंचकर लोगों से वार्ता की और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए असामाजिक तत्वों को चेतावनी दी भी कि अगर किसी ने जिले में माहौल बिगाड़ने की कोशिश की तो उसे किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। शहर के विभिन्न इलाकों में भ्रमण के बाद बाइक मार्च कोतवाली पर पहुंचकर संपन्न हुआ।
कैराना क्षेत्र के संवेदनशील गांव बुच्चाखेड़ी में डीएम जसजीत कौर और एसपी विनीत जायसवाल पहुंचे। अधिकारियों ने गांव स्थित मंदिर परिसर में पहुंचकर ग्राम प्रधान के पुत्र प्रवीण चौहान, पूर्व प्रधान राजेश चौहान और ग्रामीणों से बात की। एसपी ने कहा कि सभी लोग होली आपसी भाईचारे के साथ शांतिपूवर्क मनाएं। इसके बाद दोनों अधिकारी तीतरवाड़ा पहुंचे और ग्रामीणों से बात की। इस अवसर पर एसडीएम मणि अरोरा, तहसीलदार प्रवीण कुमार, सीओ प्रदीप सिंह और कोतवाली प्रभारी यशपाल धामा मौजूद रहे। गांव बुच्चाखेड़ी में 2013 में समय से पहले होली में आग लगने के बाद बवाल हुआ था। इसके मद्देनजर इस गांव को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। कांधला में रविवार को डीएम, एसपी ने पहुंचकर होलिका दहन स्थलों का निरीक्षण किया।
झिंझाना में पुलिस ने कस्बे और गांवों में जाकर गण्यमान्य लोगों से मिलकर आपसी भाईचारे के साथ शांति पूर्वक होली पर्व को मनाने की अपील की गई। थाना प्रभारी पीके सिंह ने बताया कि होली पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए शरारती तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा।
शामली बाईक रैली में भाग लेते एसपी विनीत जायसवाल व पुलिसकर्मी- फोटो : SHAMLI
कैराना उंचा गांव में पीएसी की भूमि की पैमाइश करते राजस्व लेखपाल और पीएससी के अधिकारी- फोटो : SHAMLI
कैराना के गांव बुच्चाखेडी में होलिका दहन के निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों से बात करते डीएम एसपी- फोटो : SHAMLI
कैराना के गांव बुच्चाखेडी में होलिका दहन के निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों से बात करते डीएम एसपी- फोटो : SHAMLI