थानाभवन (शामली)। करीब एक सप्ताह पहले रुड़की से चोरी हुआ मिनी ट्रक कस्बे की मंडी समिति में लावारिस हालत में खड़ी मिली। पुलिस ने मिनी ट्रक को कब्जे में लेकर रुड़की पुलिस के हवाले कर दी है।
थाना प्रभारी ने बताया कि सोमवार सुबह सूचना मिली कि एक मिनी ट्रक लावारिस हालत में मंडी समिति परिसर में खड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची और गाड़ी के मालिक को तलाश करने का प्रयास किया। जब ट्रक के मालिक का कुछ पता नहीं चला तो पुलिस उसे कब्जे में लेकर थाने पहुंची। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि उक्त मिनी ट्रक एक सप्ताह चोरी होने का मुकदमा रुड़की हरिद्वार के गंगनहर थाने में लिखा हुआ है। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने रुड़की पुलिस से संपर्क किया। दोपहर में रुड़की पुलिस थाने पहुंची। यहां पता चला कि उक्त मिनी ट्रक का मालिक दिलशाद निवासी सालियर थाना गंगनहर रुड़की का निवासी है। उसी ने एक सप्ताह पहले उक्त मिनी ट्रक चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। अब पुलिस उस व्यक्ति की तलाश में जुटी है, जो मिनी ट्रक को मंडी समिति परिसर में छोड़कर गया है।