शामली। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा 24 फरवरी दिन सोमवार से शुरू हो रही है। नकलविहीन के लिए जिले में 35 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों के सभी कक्षों के अलावा मुख्य गेट और परिसर पर नजर रखने के लिए इंटरनेट की मदद से ऑनलाइन निगरानी शुरू हो गई है। इस बार केंद्रों पर एक प्रश्नपत्र का एक अतिरिक्त सेट भी भेजा जाएगा। पुलिस व 24 घंटे सीसीटीवी की निगरानी में प्रश्नपत्रों को रखा जाएगा।
परीक्षा कराने के लिए केंद्र व्यवस्थापक, बाह्य केंद्र व्यवस्थापक, परीक्षा प्रभारी, परीक्षा सहायक के अलावा सचल दल व कक्ष निरीक्षकोें की तैनाती कर दी गई है। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों की वेबकास्टिंग करने की तैयारी अंतिम चरण में चल रही है। परीक्षा केंद्रों में लगाए गए सीसीटीवी को जिला कंट्रोल रूम और निदेशालय में स्थापित कंट्रोल रूम से जोड़ दिया गया है। निदेशालय से बैठकर अधिकारी किसी भी परीक्षा केंद्र की स्थिति जान सकते हैं।
यदि परीक्षा केंद्र पर गड़बड़ी दिखाई देगी सचल दल को तत्काल सूचना दी जाएगी। एसटीएफ भी परीक्षा केंद्रों पर नजर रखेगी। डीआईओएस जेएस शाक्य ने बताया कि परीक्षा केंद्रों की तैयारी पूरी हो चुकी है। सभी केंद्रों का कंट्रोल रूम से दो दिन तक ट्रायल किया जा चुका है, सभी में सीसीटीवी पूरी तरह एक्टिव और तस्वीर साफ है। रिकॉडिंग छह माह तक सुरक्षित रखी जाएगी।
परीक्षा से एक घंटा पहले खोला जाएगा स्ट्रांग रूम : स्ट्रांग रूम को स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और बाह्य केंद्र व्यवस्थापक की उपस्थिति में परीक्षा शुरू होने के अधिकतम एक घंटे पहले खोला जाएगा और परीक्षा समाप्ति के अधिकतम एक घंटे बाद लॉक, सील किया जाएगा। स्टेटिक मजिस्ट्रेट सहित केंद्र व्यवस्थापक, बाह्य केंद्र व्यवस्थापक संबंधित परीक्षा केंद्र पर न्यूनतम एक घंटा पहले उपस्थित होंगे।
तैयार होगी लॉगबुक, हर गतिविधि होगी दर्ज : स्ट्रांग रूम व डबल लॉक वाली अलमारी को खोलने एवं बंद करने के लिए लॉगबुक तैयार की जाएगी, इसमें हर गतिविधि दर्ज होगी। हर बार स्ट्रांग रूम खोलने व लॉक करने का विवरण लॉगबुक में अंकित किया जाएगा। तीनों प्राधिकारियों द्वारा लॉगबुक में अनिवार्य रूप से तिथि, समय, नाम एवं पदनाम सहित हस्ताक्षर करते हुए लॉगबुक की फोटो संबंधित जिला विद्यालय निरीक्षक के व्टाट्सएप पर भेजी जाएगी।