शामली में झांकी निकालकर नृत्य करते जाते शिवभक्त
- फोटो : SHAMLI
शामली। शिवरात्रि पर भगवान आशुतोष का जलाभिषेक करने के लिए सोमवार को कांवड़ियों की कदमताल तेज हो गई। हरियाणा- राजस्थान, मध्य प्रदेश के लाखों शिव भक्तों में भागमभाग मची रही। नगरपालिका परिषद के अनुसार सोमवार की शाम चार बजे तक 43 हजार पैदल कांवड़ियों ने शिवालयों की ओर कदम बढ़ा दिए थे। हर-हर महादेव की गूंज के साथ 7748 छोटे से बड़े डाक वाहन जनपद से गुजरे। डाक कांवड़ियों के सैलाब को देखते हुए जिला प्रशासन ने रस्सी डालकर बनाई गई बैरिकेडिंग को हटवा दिया।
मंगलवार को शिवरात्रि है। इसमें मात्र चंद घंटे रहने से हरिद्वार से पैदल और डाक कांवड़ वाहनों में तेजी आई है। रविवार और सोमवार को डाक कांवड़ वाहनों और पैदल शिवभक्तों को सैलाब उमड़ पड़ा। रविवार की रात हरिद्वार-मुजफ्फरनगर-शामली-पानीपत मार्ग और शामली से करनाल मार्ग पर पैदल और डाक कांवड़ वाहनों का सैलाब नजर आया। पैदल और डाक कांवड़ वाहनों की रफ्तार बढ़ती देखकर जिला प्रशासन ने रस्सी डालकर बनाई गई बैरिकेडिंग को हटवा दिया। डाक कांवड़ वाहनों में हिसार, करनाल, फतेहाबाद, हांसी, जींद, रोहतक, चरखी दादरी, भावड़, खानपुर, सिरसा, महेंद्र गढ़, बरवाला, झुंझनू, किशनपुरा, भिवानी, राजगढ़, पानीपत, सोनीपत, गन्नौर, खानपुर कला के डाक कांवड़ियां यहां से गुजरे।
शामली नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी सुुरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि सोमवार की शाम चार बजे तक 43 हजार 423 पैदल कांवड़ियों ने हरिद्वार से मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा की ओर प्रस्थान किया। इसके अलावा 7 हजार 748 छोटे और बड़े डाक कांवड़ वाहन जनपद से निकले।
कांवड़ वाहनों की संख्या
वाहन संख्या
कार 2139
बाइक 4517
डीसीएम 857
ट्रैक्टर ट्राली 237
पैदल कांवड़िए 43 हजार 423