बुटराडा गांव में डॉ भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण करते बसपा कार्यकर्ता औरअन्य। बसपा
- फोटो : मोनिका कुमारी
बाबरी। गांव बुटराडा में सोमवार को भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा का पुनः स्थापना के बाद अनावरण किया गया। प्रतिमा स्थापित होने से क्षेत्र के लोगों और बहुजन समाज में खुशी है।
दो दिन पूर्व गांव बुटराडा में असामाजिक तत्वों द्वारा बाबा साहेब की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना सामने आई थी। घटना के बाद लोगों में रोष व्याप्त हो गया था। बहुजन समाज पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करते हुए नई प्रतिमा स्थापित कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।
बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार जाटव ने बताया कि प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन के अनुरूप बाबा साहेब की प्रतिमा को पुनः स्थापित कर सम्मानपूर्वक अनावरण किया गया है। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के लोगों की भावनाओं का सम्मान हुआ है और बहुजन समाज में संतोष का वातावरण बना है।
उन्होंने प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मामले को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध तरीके से प्रतिमा की पुनर्स्थापना सुनिश्चित की गई। साथ ही उन्होंने मांग की कि इस निंदनीय कृत्य में शामिल दोषियों की जल्द पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति महापुरुषों के सम्मान के साथ खिलवाड़ करने का साहस न कर सके।
कार्यक्रम में बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार जाटव के अलावा सोनू, सुनील, राजेश सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्राम बुटराडा के गण्यमान्य लोग मौजूद रहे।