संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। जनपद में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा की तैयारी शुरू हो गई है। माध्यमिक शिक्षा परिषद के निर्देश पर डीआईओएस ने सभी विद्यालयों से मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ऑनलाइन मांगी है। परिषद ने परीक्षा केंद्र बनाने के लिए मानक तय कर दिए हैं। मानक पूर्ण करने वाले विद्यालयों का ऑनलाइन केंद्र निर्धारण किया जाएगा।
जनपद में 25 राजकीय सहित 115 माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। इनमें हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में शामिल होने के लिए अब तक करीब 23126 छात्र-छात्राओं ने ऑनलाइन बोर्ड फॉर्म भर दिए हैं। परीक्षा की तिथि तय नहीं है, लेकिन फरवरी में संभावित बोर्ड परीक्षा को लेकर केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
इसके लिए स्कूलों को केंद्र बनने के लिए ऑनलाइन आवेदन के साथ मूलभूत सुविधाओं की जानकारी मांगी गई है। यह प्रक्रिया पूर्ण होने पर डीएम के निर्देश पर तीनों तहसीलों में टीम गठित की जाएगी, जो विद्यालयों में जाकर भौतिक सत्यापन करेगी।
इसमें स्कूलों में बेहतर शौचालय, विद्युतिकरण, बाउंड्रीवाल, सीसीटीवी, पेयजल समेत अन्य मानक देखे जाएंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक प्रभारी लता राठौर ने बताया कि सभी विद्यालयों से मूलभूत सुविधाओं की जानकारी मांगी गई है।
परिषद से तय मानक पूर्ण करने वाले विद्यालय ही केंद्र बनेंगे। जल्द ही टीम गठित कर सत्यापन किया जाएगा। हालांकि कई विद्यालय बोर्ड परीक्षा की तैयारी में पहले से ही जुटे हुए हैं।