शामली। ‘सड़क सुरक्षा एक चुनौती’ विषय पर सोमवार को जनपद के सभी कालेजों में भाषण प्रतियोगिता होगी। प्रतियोगिता में कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक सरदार सिंह ने बताया कि जनपद के सभी कालेजों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए गए हैं कि आज सुबह 10 बजे अपने-अपने कालेजों में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन कराएं। विषय सड़क सुरक्षा एक चुनौती विषय है। भाषण हिंदी में होगा और इसके लिए अधिकतम समय पांच मिनट निर्धारित किया गया है। कालेज स्तर पर प्रथम स्थान पाने वाले प्रतिभागी जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेेंगे। जनपद स्तरीय भाषण प्रतियोगिता 28 नवंबर को सुबह 10 बजे राष्ट्रीय किसान इंटर कालेज शामली में आयोजित होगी। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं की सूची 20 नवंबर तक डीआईओएस कार्यालय में उपलब्ध कराएं। इसके बाद मंडल स्तर पर 21 दिसंबर को और राज्य स्तर पर 21 जनवरी को भाषण प्रतियोगिता आयोजित होगी।