एक मार्च से चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान
शामली। एक मार्च से शुरू हो रहे विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के पहले चरण को लेकर तैयारियां शुरू हो गई है। कलक्ट्रेट सभागार में अंतर विभागीय बैठक में अधिकारियों और कर्मचारियों को रोगों से बचाव के लिए जागरूक करने पर जोर दिया गया।
शनिवार को कलक्ट्रेट में एडीएम अरविंद कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई। एसीएमओ डॉ. श्रीकांत शर्मा ने बताया कि एक मार्च से 31 मार्च तक संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान चलाया जाएगा। विभिन्न विभागों के सहयोग से लोगों को संचारी रोग जेई/एईएस, मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, कालाजार, फाइलेरिया एवं अन्य संक्रामक बीमारियों से बचाव और नियंत्रण के बारे में जागरूकता लाने और रोगों के रोकथाम के लिए कार्यवाही की जाएगी। विद्यालयों में प्रधानाचार्यों द्वारा प्रार्थना के समय विद्यार्थियों को संचारी रोगों से बचाव की जानकारी दी जाएगी।
नगर पालिका, नगर पंचायतों एवं ग्राम पंचायतों के द्वारा झाड़ियों की नियमित कटाई करने, घर के अंदर और आसपास जल भराव न होने देने, ओवर हैड टैंक की साप्ताहिक सफाई आदि कार्रवाई कराई जाएगी। बैठक में सीएमएस डॉ. सफल कुमार, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. विनय कुमार, एसीएमओ डॉ. सुशील कुमार, डीआईओ डॉ. आरके सागर, डॉ. आइशा गोयल, एपिडिमियोलाजिस्ट डॉ. शाइस्ता, डीपीएम आशुुुतोष श्रीवास्तव, एचएस कृष्ण कुमार के अलावा सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।