सपा की साइकिल रैली शुरू जिलाध्यक्ष ने दिखाई हरी झंडी
शामली। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर निकाली जा रही साइकिल रैली को जिलाध्यक्ष अशोक चौधरी द्वारा झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुजफ्फरनगर रोड स्थित सपा कार्यालय से जिलाध्यक्ष अशोक चौधरी ने साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर पत्रकों का वितरण किया गया। अशोक चौधरी ने कहा कि पिछले तीन महीनों में सरकार की गलत नीतियों के कारण करोड़ों लोगों का रोजगार, नौकरी चली गई। सब्जी एवं फल उत्पादन करने वाले किसान व मजदूर, उसके व्यापार में लगे आढ़ती, छोटे दुकानदार एवं ठेला, पटरी वालों को भारी नुकसान सहना पड़ा है। उन्होंने कहा कि बिजली के बिल एवं डीजल की कीमतें इतनी बढ़ गई है कि उनके लिए किसानों को कर्ज लेना पड़ रहा है। जिले में चीनी मिलों पर किसानों का लगभग 700 करोड़ रुपये बकाया है।
इस मौके पर कानपुर देहात में शहीद आठ पुलिसकर्मियों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। विधानसभा अध्यक्ष राव तफर्रूज, मांगेराम मलिक, डाक्टर सत्यपाल कश्यप, उमेश प्रधान सचिव कार्यालय, प्रदीप सिंभालका, सपा मजदूर संघ के अध्यक्ष देवेंद्र वालिया, दिलशाद सैफी, डा अहसान आदि मौजूद रहे।