एसपी ने हाईवे पर मिले घायल युवक को अस्पताल में कराया भर्ती
शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र में मेरठ-करनाल हाईवे पर सड़क पर गंभीर रूप से घायल मिले युवक को एसपी ने साथ चल रहे पुलिस स्टाफ़ की मदद से अस्पताल में ले जाकर तत्काल उपचार दिलाया। उपचार के बाद युवक की हालत में सुधार होना बताया है।
रविवार को एसपी अजय कुमार और उनके साथ चल रहे पुलिसकर्मियों ने मेरठ-करनाल हाईवे पर युवक को घायल अवस्था में पड़ा हुआ देखा। युवक के सिर से ख़ून बह रहा था। एसपी ने तत्काल अपनी गाड़ी रुकवाई और उस युवक को अपने साथ ही चल रही सरकारी जिप्सी (एस्कॉर्ट गाड़ी) में ख़ुद ही लेकर बैठ गए। एसपी ने बिना किसी देरी किए अपनी टीम की मदद से नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती कराकर उपचार शुरू कराया। उपचार के बाद घायल युवक की हालत में सुधार हो गया। एसपी के मुताबिक घायल युवक की जेब से मिले कार्ड के अनुसार वह जनपद उन्नाव का रहने वाला है और वह ट्रक का चालक है। घायल युवक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। एसपी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।