कैराना। महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण अभियान के तहत एसपी विनीत जायसवाल ने गांव पंजीठ स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में छात्राओं को सुरक्षा के टिप्स दिए। छात्राओं ने स्काउट से संबंधित कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस दौरान एसपी ने छात्राओं को स्वेटर वितरित किए।
जनपद में 11 से 25 दिसंबर तक महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत एसपी विनीत जायसवाल ने बुुधवार को गांव पंजीठ स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में पहुंचकर छात्राओं को सुरक्षा के टिप्स दिए। एसपी ने कहा कि छात्राएं डायल 112 एवं 1090 का इस्तेमाल कर पुलिस सहायता प्राप्त कर सकतीं हैं। कहीं भी किसी के परेशान करने पर अपने टीचर, माता, पिता एवं पुलिस को जरूर बताएं। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने स्काउट मीनार बनाने आदि कार्यक्रम प्रस्तुत किए। एसपी ने विद्यालय की 90 छात्राओं को स्वेटर वितरित किए। एसपी ने बताया कि अभियान के तहत एंटी रोमियो स्क्वायड द्वारा जिले के सभी बालिका कालेज की छात्राओं से फार्म भरवाकर फीड बैक लिया जाएगा। जिसके आधार पर छेड़छाड़ करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम में वार्डन रेणू गुप्ता, रेणू देशवाल, संगीता रानी, संजू कुमारी, रीना रानी मौजूद रहे।
80 छात्राओं से फीड बैक के फार्म भरवाए
कैराना। एसपी द्वारा चलाए गए महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण पखवाडे़ के दौरान एक मनचले को पकड़ा। इसके साथ ही टीम ने बालिकाओं के दो कालेजों में छात्राओं से फीड बैक के फार्म भरवाये।
महिला एसआई अंजू सिंह, महिला कांस्टेबल नीरज, देवकी एवं पुरुष कांस्टेबल राहुल एवं पवन ने आर्य कन्या इंटर कालेज, श्री जैन दिगंबर कन्या इंटर कालेज तथा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज के बाहर एंटी रोमियो ने अभियान चलाते हुए वहां से गुजरने वाले युवकों से पूछताछ की। आर्य कन्या इंटर कालेज के पास से एक युवक को छात्राओं का पीछा करने के आरोप में पकड़ा। टीम ने आर्य कन्या इंटर कालेज एवं सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में करीब 80 छात्राओं से फार्म भरवाए। फार्म में छात्राओं से रास्ते में किसी युवक द्वारा छेड़छाड़ करने, किसी विशेष स्थान पर युवकों का जमावड़ा लगाने, एंटी रोमियो टीम कहां और किस समय कार्रवाई करे इसके लिए गोपनीय सुझाव मांगे।
कोतवाली प्रभारी यशपाल धामा ने बताया कि छात्राओं का पीछा करने के आरोपी युवक के पिता को कोतवाली बुलाया गया था। बाद में युवक को चेतावनी देकर पिता की सुपुर्दगी में दे दिया गया।