सपा ने सार्वजनिक नहीं किया नाहिद का आपराधिक इतिहास
शामली। कैराना से सपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशी नाहिद हसन की उम्मीदवारी को लेकर समाजवादी पार्टी घिरी हुई है। सुप्रीम कोर्ट में समाजवादी पार्टी की मान्यता समाप्त करने के लिए याचिका भी दाखिल की गई है। इसके बाद भी अभी तक पार्टी की ओर से नाहिद का आपराधिक इतिहास पार्टी की वेबसाइट या सोशल मीडिया पर सार्वजनिक नहीं किया है। जबकि कई अन्य प्रत्याशियों की सूचना पार्टी ने ट्विटर पर पोस्ट की है। भाजपा ने थानाभवन से प्रत्याशी व गन्ना मंत्री सुरेश राणा के बारे में सूचना सोशल मीडिया और अपनी वेबसाइट पर दी है।
भाजपा नेता और सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता अश्वनी कुमार उपाध्याय ने याचिका दाखिल की थी। जिसमें उम्मीदवारों की आपराधिक पृष्ठभूमि अखबार और वेबसाइट पर प्रकाशित किए जाने और राजनीतिक दलों द्वारा आपराधिक छवि के व्यक्ति को टिकट दिए जाने का कारण बताने के आदेश का अनुपालन कराने की मांग की थी। याचिका में समाजवादी पार्टी की ओर से कैराना से गैंगस्टर एक्ट सहित कई मामलों में आरोपी नाहिद हसन को टिकट दिए जाने को आधार बनाया गया है। कहा गया है कि राजनीतिक पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक 48 घंटे के अंदर उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि का ब्योरा प्रकाशित नहीं किया है। यह आदेश का उल्लंघन है। उन्होंने मांग की है कि चुनाव आयोग को कोर्ट के आदेश का पालन नहीं करने वाले राजनीतिक दल की मान्यता रद्द करने के निर्देश दिए जाएं।
सुप्रीम कोर्ट ने यह दिया था आदेश
सुप्रीम कोर्ट ने आपराधिक छवि के लोगों को राजनीति से दूर रखने और मतदाता को उम्मीदवार के बारे में जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 25 सितंबर 2018 और 13 फरवरी 2020 को आदेश दिया था। जिसमें कहा था कि उम्मीदवार घोषित करने के 48 घंटे के अंदर राजनीतिक दल उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि का ब्योरा पार्टी की वेबसाइट पर प्रकाशित करेंगे। ब्योरा अखबार, इलेक्ट्रानिक मीडिया, सोशल मीडिया में भी प्रकाशित किया जाएगा। साथ ही राजनीतिक दल आपराधिक पृष्ठभूमि के व्यक्ति को टिकट देने और गैर आपराधिक छवि के व्यक्ति को टिकट नहीं देने का कारण भी बताएंगे।
सुरेश को टिकट देने का भाजपा ने यह बताया कारण
भाजपा ने गन्ना मंत्री सुरेश राणा को टिकट देने का कारण अपनी वेबसाइट पर प्रकाशित किया गया है। जिसमें कहा गया है कि वह किसानों को गन्ना भुगतान कराने के उत्कृष्ट कार्य के चलते काफी लोकप्रिय हैं। वर्तमान में विधायक और गन्ना मंत्री हैं। पार्टी की जिला यूनिट ने उनके नाम की संस्तुति की है।