बेटे की मौत ने पति के खिलाफ भरा नफरत का गुबार
शामली। करीब 20 साल से पति की बुरी आदतें तो पिंकी झेल रही थी, लेकिन बेटे की मौत ने उसे तोड़कर रख दिया था। करीब दो महीने पहले तेजपाल ने शराब के नशे में 15 साल के बेटे के साथ मारपीट की थी, जिसके चलते उसकी मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से पिंकी अपने पति से बेहद नफरत करने लगी थी। शायद इसी नफरत से उसके सब्र का बांध टूट गया। ढाई माह की गर्भवती होने के बावजूद उसने पति की हत्या जैसा जघन्य अपराध कर डाला।
एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि तेजपाल की करीब 20 वर्ष पूर्व पिंकी से शादी हुई थी। शादी के बाद से ही वह उसके साथ मारपीट करता था। उसके शराब पीने और जुआ खेलने की आदत से पत्नी परेशान रहती थी। अक्सर गांव में खेती में काम करने के नाम पर लोगों से रुपये ले लेता था और फिर मेहनत मजदूरी कर पिंकी को रुपये वापस करने पड़ते थे। करीब दो माह पूर्व पिंकी ने 40 हजार रुपये में भैंस बेची थी। तेजपाल उन रुपयों को लेने का दबाव बना रहा था। इस विवाद के चलते तेजपाल ने अपने 15 वर्षीय बेटे संजय की पिटाई कर दी। गंभीर चोट के कारण बेटे की चंडीगढ़ के अस्पताल में मृत्यु हो गई थी। एसपी के मुताबिक बेटे की मौत के बाद पिंकी अपने पति से अंदर ही अंदर नफरत करने लगी थी। 15 दिन पहले भी मृतक ने शराब के नशे में पिंकी पर फावड़े से हमला किया था, जिसमें वह बच गई थी। तेजपाल की हरकतों से न केवल पिंकी बल्कि उसका पूरा परिवार परेशान रहता था। सूरज की मौत के बाद तेजपाल और पिंकी के तीन बच्चे और हैं। इनमें 17 साल की बेटी है तथा 12 तथा तीन साल के दो बेटे हैं।