कैराना कोतवाली में शिकायत करने पहुची वृद्व महिला
- फोटो : SHAMLI
कैराना। घर से निकाली गई वृद्धा कोतवाली में अपने बेटों व पुत्रवधू की शिकायत करने पहुंची और न्याय के लिए पुलिस को कुछ रुपये थमा दिए। पुलिस ने वृद्धा के पैसे लौटाते हुए न्याय का भरोसा दिलाया।
शनिवार की सुबह 11 बजे वाकर के सहारे एक 60 वर्षीय वृद्धा कैराना कोतवाली पहुंची। वृद्धा ने कोतवाली प्रभारी यशपाल धामा व अपराध इंस्पेक्टर राम भवन सिंह को अपनी पीड़ा सुनाते हुए कहा कि उसका नाम जैतून हैं। वह मोहल्ला रेतावाला की रहने वाली हैं। उसके पति की करीब 10 वर्ष पहले मौत हो गई थी। उसके तीन बेटे हैं, जिनकी शादी हो चुकी हैं। उसके बेटे व उनकी पत्नी उसे खाना भी नहीं देती और अब उसे बुढ़ापे की हालत में घर से बाहर निकाल दिया।
यह कहते हुए वृद्धा ने प्लास्टिक की पॉलिथीन निकाली और उसमें से कुछ रुपए निकालकर अपराध इंस्पेक्टर राम भवन सिंह को थमा दिए। वृद्धा ने कहा कि उसे बेटों से उसका हक दिलवा दें ताकि उसे रहने के लिए घर व खाना मिल सकें। इंस्पेक्टर ने अपनी तरफ से कुछ रुपये और मिलाकर वृद्धा को वापस कर दिए। वृद्धा की आंखें छलक आई और फफक कर रोने लगीं। इंस्पेक्टर ने वृद्धा की हिम्मत बंधाते हुए चाय पिलाई। कोतवाली प्रभारी यशपाल धामा ने वृद्धा को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।