गमगीन माहौल में सिपाही का अंतिम संस्कार
बाबरी (शामली)। गांव कासमपुर निवासी मेरठ में तैनात उत्तर प्रदेश पुलिस के सिपाही की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सिपाही की मौत की खबर पर परिजन मेरठ रवाना हो गए। उधर, बृहस्पतिवार की शाम को सिपाही के शव को गांव लाया गया तथा गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
गांव कासमपुर निवासी प्रदीप पुत्र सतेंद्र उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात था। उसकी तैनाती मेरठ जनपद में है। बताया जाता है कि बुधवार को प्रदीप अपने साथी के घर थाना लालकुर्ती गया हुआ था। रात में वह वहीं पर रुक गया। बृहस्पतिवार को उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। सिपाही का शव बाथरूम में मिला। प्रदीप का आठ वर्ष का पुत्र व डेढ़ वर्ष की एक पुत्री है। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।