शामली। जिलाधिकारी सुजीत कुमार ने नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि किसी भी रास्ते पर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगवाने से पहले पानी की निकासी के लिए नालियों का निर्माण कराया जाए। साथ ही सड़कों पर पथ प्रकाश के लिए एलईडी के स्थान पर सोलर लाइटें लगवाई जाएं।
बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी सुजीत कुमार ने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने के पहले ध्यान रखा जाए कि गंदे पानी की निकासी के लिए नालियां ठीक तरह से बन गई हैं। ताकि बरसात के सीजन में पानी की निकासी की व्यवस्था ठीक रहे और जलभराव के कारण सड़कें खराब न हो।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि सरकारी भवनों, बारातघर आदि स्थानों पर हो रही टूट फूट की तुरंत मरम्मत कराएं। कांधला स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की हालत पर नाराजगी जताते हुए कहा कि तुरंत मरम्मत कार्य कराएं। इस दौरान एसडीएम रामअवतार गुप्ता के अलावा सभी नगर पालिका, नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
मतदाता सूची अभियान की समीक्षा की
शामली। बुधवार को केंद्रीय निर्वाचन आयोग के अफसर उमेश सिन्हा, विजयदेव सिंह व राज्य निर्वाचन आयोग के वी वेेंकटेश्वर आदि ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से विधानसभा चुनाव 2017 के मद्देनजर विधानसभा मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की। दोपहर दो बजे से शुरू हुई विधानसभा मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा देर शाम तक चली।
डीएम सुजीत कुमार ने बताया कि विधानसभा सूची पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा बैठक में शामली, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर जिलों का अच्छा कार्य मिला। उन्होंने बताया कि शामली जिले में 16000 मतदाताओं के नए नाम जोडे़ गए हैं। तथा मृतकों के नाम हटाए गए हैं। नए वोट बनवाने के लिए फार्म छह भरा जाएगा। नए मतदाताओं को एपिक कार्ड लखनऊ से आने पर उपलब्ध कराया जाएगा।
अब गेहूं ज्यादा, चावल कम मिलेगा
शामली। जिला पूर्ति अधिकारी ओम हरि उपाध्याय ने बताया कि शासन ने अंत्योदय और पात्र गृहस्थी परिवारों के लिए खाद्यान्न के वितरण स्केल में बदलाव कर दिया है। बदलाव के मुताबिक अगस्त माह से अंत्योदय कार्ड धारकों को 15 किलोग्राम गेहूं के स्थान पर 20 किलोग्राम गेहूं, 20 किलोग्राम चावल के स्थान पर 15 किलोग्राम चावल प्रति कार्ड मिलेगा।
वहीं, पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों को साढ़े तीन किलोग्राम गेहूं के स्थान पर तीन किलोग्राम गेहूं, डेढ़ किलोग्राम चावल के स्थान पर दो किलोग्राम चावल प्रति यूनिट दिया जाएगा। गृहस्थी कार्ड धारकों को गेहूं दो रुपये प्रति किलोग्राम तथा चावल तीन रुपये प्रति किलोग्राम दिया जाएगा। वहीं, अंत्योदय कार्ड धारकों को पूर्व की भांति दो किलोग्राम चीनी तथा पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों को 900 ग्राम चीनी प्रति कार्ड 13.50 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से वितरित की जाएगी।
सभी प्रकार के कार्ड धारकों को मिट्टी का तेल पूर्व की भांति वितरित किया जाएगा। जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि जिन पात्र गृहस्थी और अंत्योदय कार्ड धारकों ने अपना आधार कार्ड और फोटो पूर्ति विभाग को उपलब्ध नहीं कराए हैं, वह राशन वितरण के समय कैंप पर्यवेक्षण अधिकारी को जमा करा दें।