शामली। यूपी बोर्ड मूल्यांकन में हर दिन तेजी नजर आ रही है। जनपद के एक केंद्र पर चल रहे मूल्यांकन कार्य में एक लाख 76 हजार कापी में से एक लाख तीन हजार कापी चेक हो चुकी हैं। इसके साथ ही केंद्र पर उर्दू का एक परीक्षक पहुंच चुका है, जिसके बाद उर्दू की कापियों का मूल्यांकन कार्य शुरू हो गया है।
शहर के आरके इंटर कॉलेज में चल रहे यूपी बोर्ड मूल्यांकन में नौवें दिन 50 प्रतिशत से अधिक कापी चेक हो चुकी हैं। सभी परीक्षक तेजी के साथ कापी चेक कर रहे हैं।
इंटर में कला वर्ग की ज्यादातर विषयों की कापी चेक हो चुकी हैं। विज्ञान वर्ग में तेजी से कार्य चल रहा है। केंद्र प्रभारी सह उप नियंत्रक श्रवण तोमर ने बताया कि शुक्रवार को मुजफ्फरनगर से आए उर्दू के परीक्षक ने केंद्र पर पहुंचकर मूल्यांकन कार्य शुरू कर दिया गया है। जल्द ही उर्दू की सभी कापियों का मूल्यांकन करा लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार तक हाईस्कूल में 99 हजार कापी में से 56 हजार और इंटर में 77 हजार कापी में से 47 हजार कापी का मूल्यांकन कार्य पूरा हो चुका है। उनका दावा है कि मूल्यांकन कार्य समय से पहले ही पूरा कर लिया जाएगा।