शामली। शामली जिले में वायु गुणवत्ता लगातार बदल रही है। रविवार को जिले का एक्यूआई (एक्यूआई) 230 पर पहुंच गया, जबकि शनिवार को यह 225 दर्ज किया गया था। जिले में अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
प्रदूषण में उतार-चढ़ाव का सिलसिला लगातार जारी है, लेकिन संबंधित विभागों की सक्रियता कम है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने बताया कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट की संभावना है, जिससे ठंड में और बढ़ोतरी होगी।
एक्यूआई की श्रेणियां
0–50 : अच्छा
51–100 : औसत
101–200 : असामान्य
201–300 : खराब
301–400 : बहुत खराब
400+ : बेहद खतरनाक
सांस और त्वचा रोगियों की संख्या में वृद्धि
शामली। धुंध और प्रदूषण के बढ़ने से लोगों को सांस, आंख और त्वचा संबंधी दिक्कतें बढ़ रही हैं। सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में इन बीमारियों से ग्रस्त मरीजों की संख्या अधिक है। लोग सर्दी, जुकाम, गले में खराश और लगातार खांसी से परेशान हैं। त्वचा पर खुजली की शिकायत भी लगातार बढ़ रही है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. दीपक कुमार ने कहा कि सांस रोगियों को सुबह के समय घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए। हल्की खांसी या कफ की स्थिति में तुरंत चिकित्सक से संपर्क करना आवश्यक है।