15 लाख की स्मैक बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
शामली/कांधला। कांधला पुलिस ने बुढ़ाना रोड पर रेलवे फाटक के निकट कार सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 142 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। पुलिस ने बरामद स्मैक की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई है।
एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। इस अभियान के दौरान थाना कांधला पुलिस को सूचना मिली कि एक कार में सवार दो लोग स्मैक लेकर आ रहे थे। इस सूचना पर पुलिस ने बुढ़ाना रोड पर रेलवे फाटक के निकट चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान आई कार को रोककर उसमें सवार दो लोगों की तलाशी ली गई तो उनके पास से करीब 142 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और कार को कब्जे में ले लिया। पकड़े गए आरोपियों के नाम राशिद पुत्र सुलेमान निवासी ग्राम चंदपुरा उर्फ रोशनपुरा थाना तीतरो जनपद सहारनपुर और इन्सार पुत्र अय्यूब निवासी ग्राम कुतुबखेड़ी थाना गंगोह जनपद सहारनपुर है। एसपी ने बताया कि बरामद स्मैक की कीमत करीब 15 लाख रुपये है। पकड़े गए दोनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया है।
स्मैक तस्करी का मास्टरमाइंड है इन्सार
शामली। कांधला थानाध्यक्ष कर्मवीर सिंह ने बताया कि इन्सार स्मैक तस्करी का मास्टर माइंड है। करीब ढाई माह पहले कांधला में ट्रक सवार चार आरोपी फुरकान, अरवीन अली, सुक्खा उर्फ तसव्वर निवासी गांव मन्ना माजरा और कृष्ण निवासी पानीपत गिरफ्तार हुए थे। उनके कब्जे से करीब एक करोड़ दो लाख रुपये की एक किलो 20 ग्राम स्मैक बरामद हुई थी। आरोपियों ने स्मैक को बरेली से लाकर यहां सप्लाई किया जाना बताया था। थानाध्यक्ष ने बताया कि उस समय आरोपियों से पूछताछ में इन्सार का नाम प्रकाश में आया था, तब से उसकी तलाश की जा रही थी।