मुठभेड़ में ट्रक लूट का छठा आरोपी गिरफ्तार
कैराना। दो सप्ताह पूर्व 22 टायरा ट्रक लूट के मामले में छठे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से लूट में प्रयोग की गई कार व एक तमंचा भी बरामद किया। दो दिन पहले पुलिस ने इस मामले में पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया तथा उनके पास से लूटा गया ट्रक बरामद किया था।
शनिवार को पुलिस ने भूरा रोड नाहिद कालोनी के पास चेकिंग के दौरान एक कार को रुकने का इशारा किया तो कार चालक ने पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए कार को रोक लिया तथा आरोपी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक तंमचा व एक कारतूस बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार पांच फरवरी की सुबह शामली बाईपास पर कार सवार बदमाशों ने 22 टायरा ट्रक लूट लिया था। ट्रक चालक बिजेंद्र की तहरीर पर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। बृहस्पतिवार को पुलिस व एसओजी ने संयुक्त कार्रवाई के दौरान पांच बदमाशों को हथियारों के साथ गिरफ्तार करके लूटा गया ट्रक बरामद कर लिया था, जबकि मौके से तीन बदमाश फरार हो गए थे। शनिवार को नाहिद कालोनी के पास से छठे आरोपी फरमान निवासी बुढ़ाना को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। बाद में आरोपी का चालान कर दिया गया।