ऊन। ऊन ब्लॉक के छह गांव ढिंढाली, तिसंग, ताना, दथेड़ा, खेड़ा भाऊ व भंभेडी शाहपुर को क्षय रोग मुक्त ग्राम पंचायत के रूप में चयनित किया गया है। बृहस्पतिवार को जिला स्तरीय टीम ने सीएचसी ऊन पर पहुंचकर मानकों के आधार पर ग्राम पंचायतों का सत्यापन किया। सत्यापन के बाद इन ग्राम पंचायतों को क्षय रोग मुक्त होने योग्य पाए गए। इस दौरान डॉक्टर राजीव उपाध्याय, चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर तरुण चौधरी आदि मौजूद रहे।
- भरण-पोषण भत्ता नहीं चुकाने पर वारंट जारी
झिंझाना। गांव टोड्डा निवासी विपिन कुमार को अपनी पत्नी पिंकी को 1.61 लाख रुपये भरण-पोषण भत्ते के रूप में चुकाने थे, लेकिन उसने अब तक यह धनराशि अदा नहीं की। परिवार न्यायालय न्यायालय ने इस मामले में विपिन का गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। न्यायालय ने एसपी को निर्देशित किया है कि यदि 11 मार्च तक विपिन भत्ते की धनराशि अदा नहीं करता तो उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाए।
- किशोरी को बरामद करने की मांग
शामली। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी 16 वर्षीय किशोरी तीन दिन पहले 17 फरवरी को घर से बिना कुछ बताए कहीं चली गई। पुलिस ने किशोरी की गुमशुदगी दर्ज कर ली थी। पीड़ित परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर किशोरी को बरामद करने की मांग की। परिजनों का आरोप है कि पुलिस किशोरी को बरामद करने में गंभीरता नहीं दिखा रही है।
- युवक के शव का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार
शामली। कस्बा बनत के मोहल्ला सुभाष नगर निवासी 24 वर्षीय अभिराज 13 फरवरी को संदिग्ध हालात में लापता हो गया था। बुधवार शाम को उसका शव गांव के नजदीक तालाब से बरामद हुआ था। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की थी। पुलिस के मुताबिक परिजनों की तरफ से इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। उधर, पोस्टमार्टम के बाद शव का गमगीन माहौल में परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया।