शामली। जिले में एसआईआर अभियान के अंतर्गत मतदाता पुनरीक्षण का कार्य इस समय अंतिम चरण में चल रहा है। एसआईआर की अंतिम तिथि चार दिसंबर है। जिला निर्वाचन कार्यालय प्रभारी और एसडीएम हामिद हुसैन ने अपील की है कि अगर किसी मतदाता को अभी तक गणना प्रपत्र नहीं मिला तो बीएलओ से तत्काल संपर्क करें।
मतदाता सूची में दर्ज सभी मतदाताओं को हर हाल में चार दिसंबर तक एसआईआर का गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ के पास जमा करना है। यदि किसी मतदाता को प्रपत्र नहीं मिल सका है तो वह तत्काल अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर प्रपत्र प्राप्त कर लें। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी किए गए निर्देशों के अनुसार सभी मतदाताओं को गणना प्रपत्र अनिवार्य रूप से भरना है।
यदि मतदाता ऑनलाइन प्रपत्र भरना चाहते हैं तो यह सुविधा भी उपलब्ध है। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर प्रपत्र उपलब्ध है। मतदाता आयोग की वेबसाइट पर आईडी व मोबाइल नंबर पर आने वाले ओटीपी की मदद से लॉगिन कर प्रपत्र भर सकते हैं। यदि मोबाइल नंबर लिंक नहीं है तो ऑनलाइन प्रपत्र नहीं भर सकेंगे। तब बीएलओ से संपर्क कर ऑफलाइन प्रपत्र भर सकते हैं।
दो जगह से फार्म भरा या गलत जानकारी दी तो हो सकती है मुसीबत
एक मतदाता को एक ही जगह से एसआईआर फॉर्म भरना होगा। अगर कोई मतदाता दो जगह से फार्म भरता है तो ये गलत होगा। इसके लिए उस पर कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है। साथ ही फॉर्म में मांगी गई जानकारी भी तथ्यात्मक देनी होगी। इसमें गलत फैक्ट नहीं होने चाहिए। वर्ना भविष्य में दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है।
फॉर्म जमा करवाना अनिवार्य है, वरना कट सकता है नाम
अधिकारियों का कहना है कि फार्म में मोबाइल नंबर साफ-साफ लिखें। जन्मतिथि सही भरें। आधार नंबर वैकल्पिक है, अनिवार्य नहीं। फार्म को फाड़े नहीं, सुरक्षित रखें।