शूटर चंद्रो तोमर का शामली से भी रहा लगाव
शामली। जिला बागपत के गांव जौहड़ी निवासी शूटर दादी चंद्रो तोमर का निधन होने से निशानेबाजों में शोक की लहर दौड़ गई। चंद्रो तोमर का शामली से भी लगाव रहा है। वह कई बार शामली आईं और निशानेेबाजी के टिप्स दिए।
शुक्रवार को दादी चंद्रो तोमर के निधन की सूचना मिलने पर शामली रायफल क्लब पर क्लब कमेटी द्वारा उनको श्रद्धांजलि अर्पित की गई। क्लब अध्यक्ष मुकेश चौधरी ने बताया कि दादी चंद्रो तोमर बहुत ही मेहनती एवं जिज्ञासु प्रवृत्ति की महिला थीं, उन्हें हर पल कुछ नया सीखने और करने की लगन रहती थी। उन्होंने बताया दादी चंद्रो तोमर अपनी देवरानी प्रसिद्ध निशानेबाज प्रकाशी तोमर के साथ समय-समय पर शामली रायफल क्लब पर आती रहती थीं और हमेशा लड़कियों और महिलाओं को निशानेबाजी के टिप्स देकर उन्हें आगे बढ़ने के लिये प्रेरित करती थीं। 2016 में उन्होंने क्लब पर आयोजित फर्स्ट यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप का निशाना साधकर उद्घाटन किया था। उनका जाना खेल जगत के लिये अपूर्णीय क्षति है।
शोक सभा में क्लब डायरेक्टर तपन मलिक, डॉ. विनीत चौहान, अभिनव निर्वाल, डॉ. उमंग अग्रवाल, अक्षय कुमार, विकल्प देशवाल, सागर खाटियान, हिमांशु खैवाल, मंटू सिंह, ऋषभ चौधरी मौजूद रहे।