नोमान की मौत के बाद गमगीन परिजन
- फोटो : अमर उजाला
नोमान अपने रिश्तेदार कैराना निवासी अमन के साथ दिल्ली कॉस्मेटिक मार्केट से सामान लेने गया था। शाम होते ही हुए धमाके ने सब कुछ खत्म कर दिया-नोमान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमन गंभीर रूप से घायल हो गया। नोमान का परिवार आज भी यकीन नहीं कर पा रहा कि उनका मेहनती और नेकदिल बेटा अब कभी घर नहीं लौटेगा।
झिंझाना, जो इमाम नसीरुद्दीन शहीद मजार और ऐतिहासिक नीला रोजा जैसी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासतों के लिए जाना जाता है, हमेशा से सौहार्द और एकता की मिसाल रहा है। यहां हर धर्म और मजहब के लोग एक-दूसरे के सुख-दुख में बराबरी से शामिल होते रहे हैं। मगर बीते कुछ दिनों की घटनाओं ने इस अमनपसंद कस्बे में एक सन्नाटा और डर का माहौल पैदा कर दिया है।
नोमान बाएं और उसका भाई ऊपर दाएं
- फोटो : अमर उजाला
धमाके की खबर फैलते ही झिंझाना में मातम पसर गया। मस्जिदों और मंदिरों में इंसाफ और शांति की दुआएं मांगी जा रही हैं। सोशल मीडिया पर भी लोगों का गुस्सा झलक रहा है- हर कोई मांग कर रहा है कि निर्दोषों की जान लेने वाले दरिंदों को फांसी की सजा दी जाए।
नेताओं ने जताया दुख
पूर्व विधायक राव अब्दुल वारिस ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर दुख साझा किया। उन्होंने कहा कि “यह हादसा सिर्फ एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे कस्बे की त्रासदी है। सरकार को दोषियों को जल्द पकड़कर सख्त से सख्त सजा देनी चाहिए। उन्होंने मृतक नोमान के बड़े भाई फरमान, जो किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं, के इलाज में भी मदद का भरोसा दिया।
नोमान की मौत के बाद गमगीन परिजन
- फोटो : अमर उजाला
लोगों में आक्रोश और चिंता
आरएसएस इंटर कॉलेज के प्रबंधक शैलेंद्र मित्तल ने कहा, कस्बा हमेशा भाईचारे का संदेश देता आया है, पर नोमान की मौत ने सबको तोड़ दिया। ऐसे आतंकियों को फांसी से कम सजा नहीं मिलनी चाहिए।
वहीं समाजसेवी बाबर हुसैन कुद्दुसी ने कहा, यह हादसा इंसानियत पर हमला है।
धर्म कोई भी हो, ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाना चाहिए। पूर्व चेयरमैन नौशाद ठेकेदार ने कहा, एक सप्ताह में हुई घटनाओं ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर झिंझाना की इस अमनपसंद मिट्टी को किसकी नजर लग गई।
अब झिंझाना की फिजा में सन्नाटा है, लेकिन उम्मीद अभी बाकी है-कि यह कस्बा फिर एक बार अपने पुराने रूप में लौटेगा, जहां मंदिर की घंटी और अज़ान की आवाज़ें मिलकर शांति का संदेश देती हैं।