कांधला। सपा एमएलसी वीरेंद्र सिंह की पुत्रवधू शेफाली चौहान की हार को लेकर गुर्जर बिरादरी में रोष कम नहीं हो पा रहा है। भाजपा नेताओं के साथ ही अब कलस्यान खाप के चौधरी को भी शैफाली की हार का जिम्मेदार बताया जा रहा है। मंगलवार को गांव खंदरावली में लोगों ने प्रदर्शन करके खाप चौधरी और भाजपा नेताओं का पुतला फूंका।
कलस्यान खाप के अंतर्गत शामली जिले में दर्जनों गांव आते है। खाप के चौधरी कैराना निवासी रामपाल सिंह हैं। मंगलवार को गांव खंदरावली में इकट्ठा हुए लोगों का कहना था कि शैफाली चौहान को जिताने के लिए खाप चौधरी से भी गुजारिश की गई थी। तब समाज के लोगों का साथ देने की बात कही गई थी। इसके बावजूद सुषमा पत्नी अनिल चौहान और अनुज चौहान ने शैफाली के खिलाफ मतदान किया। ग्रामीणों का कहना था कि वर्षों से कलस्यान खाप की कमान इस परिवार के हाथ में है।
कभी इनका विरोध नहीं किया है। उधर, प्रदर्शन के दौरान गांव खन्द्रावली, ब्रहमखेडा, मीमला, रसूलपुर, जसाला, फतेहपुर, गुर्जरपुर, के ग्रामीणों ने गांव खंद्रावली के बस स्टैंड पर खाप चौधरी रामपाल सिंह के साथ ही भाजपा सांसद हुकुम सिंह और अनिल चौहान के पुतले फूंके। इस दौरान सचिन चौहान, सतीश , नीरज, वकील, अंकुर, प्रवेश, संजय, मोनू, सुनील आदि ग्रामीण मौजूद रहे।
उधर, गांव भैंसवाल में प्रधान नवीन कुमार के आवास पर मंगलवार को ग्रामीणों की मीटिंग हुई। मीटिंग की अध्यक्षता बतीसा खाप के चौधरी उदयवीर सिंह ने की। वक्ताओं ने कहा कि शैफाली चौहान की हार पर भाजपा सांसद हुकुम सिंह और अनिल चौहान के पुतले फूंकना गलत है।
ग्राम प्रधान नवीन ने कहा कि सांसद हुकुम सिंह सिर्फ गुर्जर बिरादरी के नहीं, बल्कि सर्वसमाज के नेता हैं। उनका अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बतीसा खाप के चौधरी उदयवीर सिंह ने कहा कि अच्छे नेता को जीत के अभिमान में गर्व नहीं करना चाहिए और हारने पर टूटना नहीं चाहिए। प्रत्येक स्थिति में सदभाव रखना चाहिए। इस दौरान सत्यपाल सिंह, तेजपाल सिंह, लक्ष्मण सिंह, दीपक कुमार, सुधीर कुमार, सतीश कुमार, हरवीर सिंह, राज सिंह, धूम सिंह, प्रेम पाल सिंह ने भी विचार रखे।