गांव लक्ष्मीपुरा के युवक ने पास के ही गांव की युवती को गाजियाबाद ले कर शादी कर ली थी। वापस आए तो पुलिस ने भी थाने से दोनों को बालिग बताते हुए साथ जाने दिया। मगर गांव के कुछ लोगों को यह पसंद नहीं आया। पुलिस ने दो आरोपी गिरफ्तार किए हैं।
गांव लक्ष्मीपुरा में प्रेम विवाह करने पर युवक को पंचायत में पीटा गया और उसे गांव छोड़ने की धमकी दी। आरोपियों पर युवक की मां को भी धमकाने का आरोप है। युवक की मां की तहरीर पर पुलिस ने गांव के चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
चौसाना क्षेत्र के गांव लक्ष्मीपुरा निवासी सोना ने चौसाना चौकी पर दी तहरीर में बताया कि उसके बेटे राजबीर ने निकट के गांव बझेड़ी की लड़की से कोर्ट मैरिज की थी। इसके विरोध में मंगलवार रात को गांव के सतबीर ने पूर्व प्रधान स्वराज के आवास पर पंचायत की। पंचायत में उसके बेटे ने आने से इंकार कर दिया।
आरोप है कि इसके बाद जनेश्वर उसके बेटे को जबरदस्ती खींचकर ले गया और पंचायत में ले जाकर मारपीट करते हुए गाली गलौज की। उसके बेटे को धमकाया कि गांव को छोड़ दो, वरना उन्हें जान से मार देंगे।
पीड़िता के मुताबिक अगले दिन 11 जून की सुबह वह पथवारे में गोबर डालने गई थी। वहां पर गांव के सलेंद्र, पप्पू व जनेश्वर आदि ने उसके साथ गालीगलौज की और गांव छोड़कर चले जाने की धमकी दी। पीड़िता ने आरेापियों पर सरेराह बेइज्जती करने का आरोप लगाया। आरोपियों से अपनी जान माल का खतरा बताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दो आरोपी जनेश्वर व पप्पू को गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया। उधर, युवक के परिजनों का कहना है कि युवक व युवती उसी दिन से गांव में नहीं हैं। वे फिलहाल कहां पर हैं, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।
साढ़े चार महीने पहले आर्य समाज मंदिर में किया था प्रेम विवाह
पूर्व प्रधान स्वराज सैनी ने बताया कि गांव के एक व्यक्ति की गांव बझेड़ी में रिश्तेदारी है। राजबीर सात जून को रिश्तेदार की लड़की को ले गया था। बाद में परिजन दोनों को हरियाणा के करनाल जिले कुंजपुरा से लाए थे। लड़की को उसके पिता के पास छोड़ दिया गया। इसके बाद चौसाना चौकी पर युवक के खिलाफ शिकायत की थी।
पुलिस ने मंगलवार को युवक व युवती को चौकी बुलाकर जानकारी की तो उन्होंने बताया कि दोनों ने 21 जनवरी 2025 को गाजियाबाद के आर्य समाज वैदिक विवाह ट्रस्ट में शादी कर ली थी। लड़की ने पुलिस को बयान दिए कि वह राजबीर के साथ रहना चाहती है। दोनों के बालिग होने के कारण पुलिस ने युवती को युवक के साथ भेज दिया। पूर्व प्रधान का कहना है कि गांव में सिर्फ समझाने की कोशिश की गई थी। मारपीट व धमकाने का आरोप गलत है।