जिले में गर्मी का कहर लगातार जारी है। दिन निकले ही तेज धूप निकल रही और दोपहर को लू चल रही है। स्कूल से लौटते समय बच्चे और उनके अभिभावक तप रहे हैं। डॉक्टरों ने खूब पानी पीने और मौसमी फलों खरबूजा, तरबूज व नींबू-पानी का सेवन करने की सलाह दी है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
अप्रैल के महीने में इस बार सूरज आग बरसा रहा है। मई-जून जैसी भीषण गर्मी व लू के थपेड़ों से लोग बेहाल हैं। अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुंच चुका है। स्कूली बच्चे और दिहाड़ी मजदूरों को बहुत परेशानी हो रही है। वहीं अस्पतालों में गर्मी से बीमार हुए लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है।
विज्ञापन
Trending Videos
जिले में इस बार अप्रैल महीने में अधिक गर्मी पड़ रही है। दिन निकलते ही चिलचिलाती धूप निकल रही है। दोपहर में धूप तेज होने और लू चलने से लोग घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। सड़कों और बाजारों में सूनापन है। दोपहर के समय लू चलने से पंखे व कूलर भी फेल हो रहे हैं। पैदल जाने वाली महिलाएं व युवतियां धूप से बचाव के लिए छाते का सहारा लेने को मजबूर हैं।
सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मेरठ की मौसम वैज्ञानिक डॉ. श्वेता सिंह ने बताया कि शामली समेत पश्चिमी उप्र के अधिकतर जिलों में मंगलवार को दिन में लू चलने की पूरी संभावना है। इसके अलावा कहीं-कहीं पर चमक गरज के साथ झोंकेदार हवा चलने के आसार है।
बिजली कट से नागरिक और किसान परेशान
भीषण गर्मी के चलते रात के समय बिजली गुल रही। बार-बार बिजली कट के चलते लोग परेशान रहे। लोग गर्मी व मच्छरों के चलते रात में ठीक से नींद नहीं ले सके। ऊन क्षेत्र में भीषण गर्मी के चलते किसानों को फसल बचाने के लिए फसलों की सिंचाई की जरूरत है, लेकिन विद्युत व्यवस्था पटरी से उतरने के कारण किसानों को समय पर आपूर्ति नहीं हो पा रही है। मुंडेट फीडर पर रविवार सुबह चार बजे 11 हजार लाइन का तार टूटने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई, जिसे सुबह 11 बजे ठीक किया गया। किसान खेत में विद्युत आपूर्ति सुचारु होने की बाट जोहते रहे, लेकिन कर्मचारियों की लापरवाही के कारण करीब सात घंटे विद्युत आपूर्ति ठप रही। एसडीओ साहब सिंह ने बताया कि गर्मी के कारण तार टूट जाते हैं।
तापमान बढ़ने से बिगड़ने लगी सेहत
जिले में तापमान बढ़ने का असर लोगों की सेहत पर पड़ने लगा है। जिला अस्पताल में गर्मी से पीड़ित मरीज आ रहे हैं। गर्मी के कारण पेट दर्द, बुखार, खांसी और बदन दर्द के मरीज बढ़े हैं। जनरल फिजिशियन डॉ. समद अली ने बताया कि इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। गर्मी से बीमार होने वाले मरीज बढ़े हैं। इस मौसम में धूप से बचाव करना चाहिए। ताजा घर का बना हल्का भोजन लेना चाहिए। शरीर में पानी की मात्रा बनाए रखने के लिए मौसमी फल तरबूज, खरबूजा, खीरा, ककड़ी आदि का सेवन ज्यादा करें। कोई भी समस्या होने पर चिकित्सक की सलाह से दवा लें।