शामली जनपद के कांधला थाना क्षेत्र के गांव रामपुर खेड़ी में एक किशोरी की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने किशोरी को आत्महत्या के लिए प्रताड़ित करने और शव छिपाने के आरोप में मृतका के दो भाइयों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 12 अगस्त की सुबह किशोरी घर से लापता हो गई थी। उसके भाई कपिल ने कांधला थाने पर लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस तलाश में जुटी थी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
एसपी रामसेवक गौतम ने बताया कि पुलिस ने शक के आधार पर किशोरी के दो भाई सचिन और कपिल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने कबूल किया कि किशोरी फोन पर किसी से बातचीत करती थी, जिस पर उन्होंने उसे डांट दिया था। इससे क्षुब्ध होकर उसने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।
दोनों भाइयों को डर था कि यह बात खुलने पर बदनामी होगी, इसलिए उन्होंने शव को छिपाने की योजना बनाई। उन्होंने रेहड़े से शव को लेकर पूर्वी यमुना नहर में फेंक दिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर बृहस्पतिवार रात नहर से शव बरामद किया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त रेहड़ा बरामद कर लिया है और दोनों भाइयों को आत्महत्या के लिए उकसाने और शव छिपाने के आरोप में जेल भेज दिया गया है।