थानाभवन के गांव भैंसानी इस्लामपुर में सोमवार सुबह घर पर बनाई छाछ व दूध पीने से एक परिवार के आठ सदस्यों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बीमार होने वालों में दो बच्चे भी शामिल हैं, जिन्हें दूध पिलाया गया था। सभी को उल्टी, घबराहट और बेचैनी होने पर थानाभवन के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार है। चिकित्सकों ने दूध या छाछ खराब होने की आशंका जताई है।
अस्पताल में भर्ती बीमार।
- फोटो : अमर उजाला
गांव भैंसानी इस्लामपुर निवासी मुस्तफा ने अपने घर में गाय पाल रखी है। बताया कि सोमवार सुबह रात के दूध से छाछ बनाई गई थी, जिसे परिवार के सदस्यों ने पिया। इसके अलावा दो बच्चों को दूध पिलाया गया। दूध और छाछ पीने के कुछ ही देर बाद परिवार के लोगों को अचानक उल्टी, घबराहट और जी मिचलाने की समस्या बन गई। इससे परिवार में अफरातफरी मच गई बीमार होने वालों में मुस्तफा (55), उनकी पत्नी जाहिदा (50), पुत्र मोहम्मद उमर (25), पुत्रवधू गुलफशा (22), दरक्शा (23), फरहान (18 माह), फरहीन (5 माह) आलिया (18 माह) शामिल हैं।
तबीयत खराब होने पर अन्य परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी बीमार लोगों व बच्चों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल सभी मरीज चिकित्सकों की निगरानी में हैं और उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सक का कहना है कि रात का दूध या छाछ खराब होने या किसी अन्य कारण से दूषित हो जाने से फूड प्वाइजनिंग हुई है। मुस्तफा ने बताया कि बच्चों को दूध पिलाया गया था जबकि परिवार के अन्य लोगों ने सुबह छाछ पी थी।
गर्मी में ये बरतें सावधानी
जिला अस्पताल के सीएमएस डा. किशोर कुमार आहूजा के अनुसार...
- बासी भोजन का सेवन न करें।
- खाने-पीने की चीजों को ढककर रखें।
- अधिक मसाले वाला भोजन न लें।
- खाने पीने की चीजों में साफ-सफाई का ध्यान रखें।
- अधिक मात्रा में पानी व अन्य तरल पदार्थों का सेवन करें।
- तेज धूप में जाने से बचें, ज्यादा ठंडे पेय पदार्थों से परहेज करें।
- कोई समस्या होने पर चिकित्सक की सलाह लें।