शामली चीनी मिल लगाए ऑक्सीजन प्लांट : विधायक
शामली। भाजपा विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने अपर दोआब शुगर मिल शामली के चेयरमैन एवं एमडी लाला रजत लाल से शामली मिल परिसर में ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना का अनुरोध किया है। विधायक ने बताया कि मिल के एमडी ने ऑक्सीजन प्लांट लगाने की सहमति दे दी है। शामली चीनी मिल ऑक्सीजन प्लांट लगाता है, तो शामली में ऑक्सीजन का संकट समाप्त हो जाएगा।
विधायक के मुताबिक सरशादी लाल इंटरप्राइजेज के चेयरमैन से तीन दिन पूर्व वार्ता हुई थी। शामली शुगर मिल में ऑक्सीजन प्लांट लगाने की सहमति दी है। विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने कहा कि जिले की शामली, थानाभवन, और चीनी मिल ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना कर दें, तो जिले में ऑक्सीजन की समस्या खत्म हो जाएगी। ऑक्सीजन प्लांट स्थापना के संबंध में प्रदेश के गन्ना आयुक्त से भी वार्ता कर चुके हैं।
गौरतलब है कि शामली औद्योगिक क्षेत्र में जिले के उद्यमी और जिला प्रशासन जिला संयुक्त अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगाने की तैयारी कर रहे हैं। इस संबंध में प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा और भाजपा विधायक तेजेंद्र निर्वाल अपनी विधायक निधि से 50-50 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त करने के लिए पत्र लिख चुके हैं।
ऑक्सीजन प्लांट की तैैयारियां शुरू हुईं
अपर दोआब चीनी मिल शामली के गन्ना महाप्रबंधक कुलदीप पिलानिया और वरिष्ठ गन्ना प्रबंधक दीपक राणा ने बताया कि सीएम योगी, गन्ना मंत्री सुरेश राणा और प्रदेश के गन्ना आयुक्त संजय आर भूसरेड्डी के निर्देश पर शामली चीनी मिल भी जिला संयुुक्त अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगाएगी। चीनी मिल ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है।