हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वारदात को लेकर तस्वीर साफ होती जा रही है। पुलिस की अब तक की जांच में सामने आया है कि अंकित की हत्या गोगी गैंग से जुड़े शार्प शूटरों ने ही की थी। इस मामले में पुलिस ने दो संदिग्धों को पहले से हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। अब दो और लोगों को हिरासत में लिया गया है। चारों से अलग-अलग पूछताछ कर पुलिस हत्याकांड की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि गोगी गैंग से जुड़े भोलू ने सोशल मीडिया पर अंकित हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। पुलिस की अब तक की जांच में भी सामने आया है कि गोगी गैंग के शार्प शूटरों ने ही वारदात को अंजाम दिया। सोशल मीडिया पर सामने आए अकाउंट और अब तक की जांच से इस संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि पुलिस की टीमें लगातार काम कर रही हैं और जल्द ही हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।
पीले गमछे वाले युवक की भी जांच
अंकित की शवयात्रा में पीला गमछा डाले एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि गोगी गैंग से जुड़े सदस्य कई बार पीले गमछे का इस्तेमाल करते हैं। पुलिस ने शवयात्रा में शामिल इस युवक की गतिविधियों और पहचान की भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के आधार पर युवक की पहचान और उसकी भूमिका की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही उसके संबंध में कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा।
गोगी गैंग क्या है?
पुलिस के अनुसार, गोगी गैंग का नाम दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में सक्रिय कुख्यात आपराधिक गिरोहों में लिया जाता है। इसका नाम गैंगस्टर जितेंद्र गोगी से जुड़ा रहा है। गोगी की सितंबर 2021 में दिल्ली की रोहिणी अदालत में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद भी उसके नाम से जुड़े गिरोह और उसके सदस्यों का आपराधिक गतिविधियों में नाम सामने आता रहा है। पुलिस रिकॉर्ड में इस गैंग से जुड़े कई बदमाशों के खिलाफ हत्या, रंगदारी, लूट और अन्य गंभीर अपराधों के मामले दर्ज रहे हैं।