शामली को लॉकडाउन से राहत नहीं, आज से दुपहिया भी बंद
शामली। जिले में 10 से अधिक केस होने के कारण शामली जिला शासन के पैमाने पर खरा नहीं उतर सका । लिहाजा लॉकडाउन अवधि में जिले को कोई राहत नहीं मिलेगी। उद्योगों का संचालन भी नहीं होगा। शहर में दुपहिया वाहनों का संचालन भी आज से पूरी तरह बंद कर दिया गया है। जिलाधिकारी जसजीत कौर ने बताया कि लॉकडाउन की वर्तमान व्यवस्था लागू होगी। कोई नई छूट नहीं मिलेगी।
नहीं चलेंगे 11 उद्योग
जिन 11 उद्योग को पिछले दिनों केंद्र ने चलाने की बात कही थी, वे उद्योग भी नहीं चलेंगे। इस संबंध में रात को इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक मित्तल ने मेसेज जारी किया है। जिसमें बताया गया है कि शासन ने दी गई छूट कैंसिल कर दी गई है। इसलिए किसी उद्योगों का संचालन नहीं हो सकेगा।
दुपहिया वाहन भी बंद रहेंगे
शासन की सख्ती के चलते प्रशासन ने शहर में दुपहिया वाहनों को भी बंद करने का निर्णय लिया है। एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि बेहतर होगा कि लोग पैदल ही बाजार सामान लेने जाएं। इमरजेंसी को छोड़ बाइक स्कूटी और अन्य वाहन पूरी तरह बंद रहेंगे।
14 जमातियों का खामियाजा भुगतेंगे 16 लाख लोग
दरअसल, शासन ने कोरोना के मामले में जिले की स्थिति से असंतोष जाहिर किया है। सीएम ने भी कह दिया कि 10 से अधिक केस वाले जिले को लॉकडाउन में किसी तरह की राहत नहीं दी जा सकती। जिले में कोराना के कुल 17 पॉजिटिव केस हैं। इनमें 14 जमाती हैं। तीन इनके संपर्क में आने वाले युवक हैं, जबकि एक केस ठीक हो चुका है। जाहिर है कि 14 जमातियों का खामियाजा 16 लाख भुगतेंगे।