शामली। बैटरी बनाने की फैक्टरी के प्रबंधक ने शाहजहांपुर जिले में फर्म के संचालक दंपती पर धोखाधड़ी कर 33 लाख रुपये से अधिक कीमत का माल हड़पने का आरोप लगाया है। शहर कोतवाली में एसपी के आदेश पर दंपती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
कंडेला इंडस्ट्रियल एरिया स्थित बैटरी बनाने की फैक्टरी के प्रबंधक मुकेश जिंदल ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी फैक्टरी में लैड एसिड बैटरी बनाने का कार्य होता है। मुकेश के मुताबिक उनके परिचित धर्मेंद्र शर्मा ने उन्हें बताया कि कठोरिया फिलिंग खाद भंडार जैतीपुर जिला शाहजहांपुर की प्रोपराइटर चहेती देवी है। इस फर्म को उसके पति ओमकार चलाता है, वे बैटरी का कार्य करना चाहती है।
उनका सालाना कारोबार लगभग 10 करोड़ रुपये का बताया। परिचित की बातों पर विश्वास कर 18 मार्च 2024 को 12,17,500 रुपये कीमत की बैटरियां सप्लाई कर दी। 15 दिन बाद उसने धर्मेंद्र के साथ शाहजहांपुर जाकर ओमकार से मिला तो उसने बताया कि वह किसानों से चावल व गेहूं की फसल लेकर एफसीआई को देता है और इसके बाद सोसायटी की तरफ से उन किसानों को इनवर्टर, बैटरी, खाद, खेत की दवा और इलेक्ट्रॉनिक सामान आदि देता है। उसने 13 अप्रैल 2024 में फर्म को 21,26,510 रुपये का माल और भेज दिया। इस तरह से फर्म को 33,44,010 रुपये का माल भेजा गया। पीड़ित का आरोप है कि उसने कुल भुगतान के लिए ओमकार व चहेती देवी को फोन किया तो पहले से तो टरकाते रहे और बाद में भुगतान करने से इन्कार कर दिया।
पीड़ित ने एसपी से धोखाधड़ी से माल हड़पने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। जांच अधिकारी धर्मेंद्र गौतम ने बताया कि एसपी के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।