शामली नगरपालिका बोर्ड बैठक में मौजूद पालिकाध्यक्ष व सभासद। स्रोत नगरपालिका
शामली। नगरपालिका परिषद की 15 मिनट चली बोर्ड बैठक में विकास कार्यों संबंधी तीन प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित ह़ुए। बोर्ड बैठक में 1.80 करोड़ रुपये की लागत से 250 डिजिटल नाइट विजन कैमरे लगाने का प्रस्ताव पारित हुआ। इसके अलावा अन्य दो प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित हुए।
नगरपालिका सभागार में बृहस्पतिवार को सुबह 11 बजे पालिका की बोर्ड बैठक पालिकाध्यक्ष अरविंद संगल की अध्यक्षता में शुरू हुई। उन्होंने बताया कि एक करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से 250 डिजिटल नाइट विजन कैमरे लगाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुआ। इसके लिए एक करोड़ 80 लाख रुपये लागत का बजट रखा गया है।
शासन के निर्देश पर राजकीय पुस्तकालय के निर्माण हेतु भूमि शिक्षा विभाग को उपलब्ध कराए जाने का प्रस्ताव पालिकाध्यक्ष ने बोर्ड के समक्ष रखा। माजरा रोड स्थित नमो पार्क के निकट पालिका की भूमि से 500 वर्गगज भूमि को राजकीय पुस्तकालय निर्माण के लिए देने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास हुआ।
पुस्तकालय का निर्माण कार्यदायी संस्था कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज उप्र जल निगम सहारनपुर कराएगी। इसके निर्माण के लिए शासन से प्रथम किस्त में 90 लाख रुपये प्राप्त हो चुके हैं। तीसरा प्रस्ताव शहरी क्षेत्र में स्थित प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लाइट लगवाने का सर्वसम्मति से पारित हुआ। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को चौराहों का चिह्नित करने के निर्देश दिए।
बोर्ड बैठक में 22 सभासद व चार नामित सभासद मौजूद रहे। संचालन अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार सोलंकी ने किया। इस अवसर पर कर अधीक्षक योगेश कुमार, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक अनिल सिंह, जेई जलकल हर्षित गर्ग, अनिल शर्मा, प्रदीप बिडला, अमित पंवार, साजिद अहमद, वसीम अहमद, वैभव गर्ग आदि मौजूद रहें।