शामली। निजी बस चालकों व टेंपो चालकों के बीच हुए विवाद के बाद परिवहन विभाग और यातायात विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नौ टेंपो को सीज किया और एक लाख रुपये जुर्माना भी लगाया गया। टेंपो चालकों को शहरी क्षेत्र के बाहर चार किलोमीटर की परिधि में संचालन करने के निर्देश दिए गए।
निजी बस चालकों और टेंपो चालकों के बीच सवारी भरने को लेकर रविवार शाम को कहासुनी हो गई थी। इसके बाद निजी बस चालकों व यूनियन के पदाधिकारियों ने कैराना बस अड्डे पर धरना प्रदर्शन किया था और बसों का संचालन बंद कर दिया था। उन्होंने भाजपा नेता पर टेंपो चालकों को संरक्षण देने और एक बस चालक फरमान की पिटाई करने का भी आरोप लगाया था। रात में सीओ सिटी जितेंद्र सिंह के टेंपो चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करने के आश्वासन पर बस चालकों ने धरना खत्म किया था और कोतवाली में तहरीर दी थी।
सोमवार को एआरटीओ रोहित राजपूत और जिला यातायात प्रभारी निधि चौधरी ने संयुक्त रूप से अवैध रूप से चल रहे टेंपो चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की। एआरटीओ ने बताया उनके द्वारा सात और यातायात पुलिस द्वरा दो यानि नौ टेंपो को सीज किया गया और कई टेंपो के चालान किए गए। इन पर करीब एक लाख रुपये जुर्माना लगाया गया। उन्होंने बताया कि टेंपो चालकों को हिदायत दी गई कि वे पालिका सीमा क्षेत्र में यानि शहर से चार किलोमीटर की परिधि में अपने टेंपो का संचालन करें। पालिका सीमा क्षेत्र से बाहर टेंपो चलाने पर कार्रवाई की जाएगी।