शामली। जिला अस्पताल में तीसरे दिन सोमवार को भी मरीजों की जांचें नहीं हो सकी। जांच रिपोर्ट न मिलने से मरीज परेशान रहे। मरीजों की भीड़ को देखते हुए एकीकृत लैब में मरीजों के सैंपल तो लिए गए, लेकिन जांच रिपोर्ट नहीं दी गई। सैंपल के लिए भी मरीजों को कतार में खड़े रहना पड़ा। मंगलवार से सैंपलों की जांच के बाद मरीजों को रिपोर्ट मिलेगी।
जिला अस्पताल में एकीकृत लैब के भवन का निर्माण चलने के दौरान दो साल से प्रसूति विभाग के वार्ड में पैथोलॉजी लैब अस्थायी रूप से चल रही थी। शुक्रवार से पैथोलॉजी लैब को एकीकृत लैब में शिफ्ट करने का कार्य चल रहा है। अधिकतर मशीनों को शनिवार को शिफ्ट कर दिया गया था और सोमवार से जांच होने की उम्मीद थी, लेकिन बिजली की अर्थिंग का कार्य पूरा न होने से जांच मशीनें चालू नहीं हो सकी थी। मशीनें चालू न होने से अस्पताल में होने वाली बुखार, सीबीसी, लिपिड प्रोफाइल, हीमोग्लोबीन, लिवर, गुर्दे और हेपेटाइटिस समेत सभी तरह की जांचों का कार्य बंद रहा।
सोमवार को बिजली की अर्थिंग का काम होने के बाद दोपहर में मशीनों को चलाकर ट्रॉयल किया गया। उधर, जांच कराने आए मरीजों की भीड़ लग गई, जिसके चलते लैब में मरीजों के सैंपल तो लिए गए, लेकिन उन्हें जांच रिपोर्ट नहीं दी गई। सैंपल के लिए एक रजिस्ट्रेशन काउंटर होने के कारण भीड़ लगी रही। मरीजों को लगभग एक घंटे तक कतार में खड़े रहना पड़ा। लैब टैक्नीशियन गुलाब ने बताया कि हेपेटाइटिस सी के 76 और बी के 17 सैंपल है, जिनकी जांच मंगलवार को की जाएगी। उधर, रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार को ओपीडी में 800 से ज्यादा नए और 400 के लगभग पुराने पर्चे पर मरीज उपचार के लिए पहुंचे।
बोले मरीज
सालिम ने बताया कि उसने अपनी बेटी फातिमा की जांच के लिए 12 मई को रक्त का सैंपल दिया था। दो दिन पहले रिपोर्ट लेने आया था तो सोमवार को आने के लिए कहा था। अब वह रिपोर्ट लेने के लिए एक घंटे से कतार में खड़ा है। कैराना निवासी महिला प्रवीण ने बताया कि जांच के लिए सैंपल तो ले लिया, लेकिन रिपोर्ट के लिए दो दिन बाद आने को कहा है। मोहित निवासी सोंता ने बताया कि उसे सैंपल देने में एक घंटे से ज्यादा का समय लगा। रिपोर्ट के लिए बाद में आने को कहा गया।
एक बजे सर्वर डाउन होने से बनी समस्या
जिला अस्पताल में दोपहर एक बजे सर्वर डाउन हो गया। सर्वर डाउन होने से मरीजों के पर्चे ऑनलाइन नहीं बन सके। इसके बाद हाथ से लिखे हुए पर्चे बनाए गए। लैब में भी कार्य बंद रहा और सिटी स्कैन का कार्य भी बाधित रहा। करीब एक घंटे तक इंटरनेट संबंधी चिकित्सीय सेवाएं बाधित रही।