शामली। नवीन जिला मुख्यालय पर 16 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से राज्यकर विभाग के अधिकारियों की आवासीय कॉलोनी का निर्माण होगा। लोक निर्माण विभाग भवन खंड सहारनपुर ने 23 आवासीय भवनों का एस्टीमेट बनाकर शासन से बजट की मांग की है।
जिला मुख्यालय गोहरनी गांव के जंगल में 4672 स्क्वायर मीटर भूमि राज्यकर विभाग के अधिकारियों के लिए आवासीय भूमि प्रस्तावित है। लोक निर्माण विभाग भवन खंड सहारनपुर निर्माण एजेंसी नामित हो चुकी है। राज्यकर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के आवास का एस्टीमेट बनाकर शासन से 16 करोड़ 41 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त कराने अनुरोध किया जा चुका है। लोक निर्माण विभाग भवन खंड सहारनपुर के सहायक अभियंता महीपाल सिंह ने बताया कि चार श्रेणी के सात आवास, तीन श्रेणी के दस आवास और दो श्रेणी के छह आवास बनाए जाएंगे। राज्यकर विभाग के उपायुक्त लोमेश कुमार ने बताया कि शासन से निर्माण एजेंसी नियुक्त होने के बाद साल के आखिर तक एस्टीमेट धनराशि अवमुक्त होने की उम्मीद है।