फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shamli News: 12 हजार करोड़ के एक्सप्रेसवे की पहली बारिश में खुली पोल, सड़क धंसी

Fri, 03 Jul 2026 12:21 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शामली
विज्ञापन
दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे पर धंसी सड़क। वीडियोग्रेब
विज्ञापन
लांक (शामली)। करीब 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से बने 210 किलोमीटर लंबे दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की निर्माण गुणवत्ता पर पहली बारिश ने सवाल खड़े कर दिए हैं। जिले के डुंगर गांव के पास बारिश में सड़क धंस गई और दो स्थानों पर गहरे गड्ढे बन गए। गनीमत रही कि कोई वाहन गड्ढों में नहीं फंसा, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
विज्ञापन

सड़क की बदहाली का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और निर्माण एजेंसी के अधिकारियों में खलबली मच गई। अधिकारियों ने स्थायी मरम्मत कराने के बजाय गड्ढों में बजरी और मिट्टी भरकर औपचारिकता पूरी कर दी। स्थायी मरम्मत नहीं कराने से यहां हादसे की आशंका बन गई है।

निर्माण गुणवत्ता पर सवाल
15 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की मौजूदगी में दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के इस हिस्से का लोकार्पण किया था। उस समय दावा किया गया था कि यह अत्याधुनिक तकनीक और उच्च गुणवत्ता से निर्मित एक्सप्रेसवे है। लेकिन महज ढाई माह बाद पहली बारिश में सड़क धंसने से इन दावों की विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं।
विज्ञापन


पानी निकासी की व्यवस्था अधूरी
लोगों का कहना है कि एक्सप्रेसवे पर बारिश के पानी की निकासी (ड्रेनेज) की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई। बारिश का पानी सड़क के नीचे पहुंचने से मिट्टी का कटाव हुआ और सड़क धंस गई। यदि ड्रेनेज सिस्टम समय पर और मानकों के अनुरूप बनाया गया होता तो ऐसी स्थिति नहीं बनती।

ग्रामीण बोले- गुणवत्ता से समझौता हुआ
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस किसान संघर्ष समिति के सचिव विदेश मलिक ने आरोप लगाया कि निर्माण में गुणवत्ता से समझौता किया गया। रेन वाटर ड्रेनेज सिस्टम अधूरा है और कई स्थानों पर सर्विस लेन का निर्माण भी पूरा नहीं हुआ। भिक्का माजरा के पास अंडरपास में जलभराव से ग्रामीणों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्राम एकता समिति के प्रधान नरेंद्र सिंह ने कहा कि मिट्टी के ढलानों पर बारिश के पानी से लगातार कटाव हो रहा है। यदि समय रहते स्थायी समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में बड़ी समस्या हो सकती है।

एनएचएआई की सफाई
निर्माण एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर जितेंद्र बालियान ने बताया कि मेरठ-करनाल हाईवे के उपरिगामी पुल से बारिश का पानी नीचे आने के कारण कटाव हुआ है। उन्होंने कहा कि गड्ढों को अस्थायी रूप से भर दिया गया है। मिट्टी गीली होने के कारण फिलहाल सड़क निर्माण नहीं किया जा सकता। मौसम साफ होने के बाद स्थायी मरम्मत कराई जाएगी।
विज्ञापन


एक नजर में एक्सप्रेसवे
कुल लंबाई : 210 किमी
लागत : लगभग ₹12,000 करोड़
लेन : 6 (भविष्य में 8 लेन तक विस्तार योग्य)
दिल्ली से देहरादून यात्रा : लगभग 2.5 घंटे
शामली जिले में लंबाई : करीब 30 किमी
लोकार्पण : 15 अप्रैल 2026
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें