मेरी आवाज सुनोपेलखा गांव में टूटी सड़क।
गढ़ीपुख्ता। गांव पेलखा में गढ़ीपुख्ता रोड से सुबोध मुखिया के बाग से ओमपाल मुखिया के घेर तक 20 दिन पहले करीब पांच लाख रुपये की लागत से बनी 700 मीटर लंबी सड़क उखड़ने लगी है। हालात यह हैं कि पैदल चलने पर भी सड़क की रोडी उखड़ रही है, ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। इस मार्ग से पेलखा के अलावा ताना, पुरमाफी, झिंझाना समेत सात से अधिक गांवों के लोग रोजाना आवागमन करते हैं। सड़क उखड़ने से दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।
बोले ग्रामीण
सोहनवीर ने बताया कि सड़क का निर्माण मानकों के अनुरूप नहीं किया गया। पैदल चलने पर भी रोडी उखड़ रही है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
विवेक कुमार ने कहा कि सड़क में घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया है। यदि इसकी जांच कराई जाए तो निर्माण में हुई अनियमितताएं सामने आ सकती हैं।
अनीश ने बताया कि सड़क का निर्माण करीब 20 दिन पहले हुआ था, लेकिन कई स्थानों से सड़क उखड़ चुकी है। सड़क का निर्माण गुणवत्ता के अनुरूप होना चाहिए था।
राजीव कुमार ने कहा कि सड़क अधिक समय तक नहीं टिकेगी। अधिकारियों को सड़क का सैंपल लेकर उसकी गुणवत्ता की जांच करानी चाहिए।
लोक निर्माण विभाग के जेई कन्हैया लाल ने बताया कि करीब 20 दिन पहले लगभग पांच लाख रुपये की लागत से सड़क का निर्माण कराया गया था। लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर पानी भर गया, जिससे सड़क क्षतिग्रस्त हुई है।
अधिशासी अभियंता राजकुमार ने बताया कि पेलखा में सड़क की जल्द मरम्मत कराई जाएगी। बारिश के कारण सड़क को नुकसान पहुंचा है।