कैराना। नगर पालिका की बोर्ड बैठक में वार्ड सभासदों का कोरम पूरा नहीं होने के कारण मूल बजट 2026-27 पारित नहीं हो सका। हालांकि नगर में विभिन्न विकास कार्यों के लिए करीब 69 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को बोर्ड बैठक में मंजूरी दे दी गई।
मंगलवार अपराह्न तीन बजे नगर पालिका सभा कक्ष में बोर्ड की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पालिका अध्यक्ष शमशाद अहमद ने की। बैठक में 28 सभासदों में से केवल 12 सभासद ही उपस्थित रहे।
बैठक में पालिका के प्रकाश विभाग से संबंधित नई लाइटें लगाने, विद्युत पोल लगाने समेत अन्य कार्यों, सफाई विभाग और जलकल विभाग के विभिन्न कार्यों तथा निर्माण विभाग से संबंधित योजनाओं पर चर्चा की गई। इसके अलावा नगर में सड़क, नाला-नाली निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों के करीब 69 करोड़ रुपये के प्रस्ताव रखे गए, जिन्हें सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया।
बैठक में सभासद साजिद, मोहम्मद तौसीफ, मोहम्मद हारुन, रईस अहमद, फुरकान अहमद, शादाब, जब्बार, रशीद अहमद, बासिद, उम्मेद, शकुलत, आबिदा के अलावा अभियंता राहुल कुमार, हिमांशु नारायण आदि मौजूद रहे।
अधिशासी अधिकारी समीर कुमार कश्यप ने बताया कि बोर्ड बैठक में सभासदों का कोरम पूरा नहीं होने के कारण मूल बजट पारित नहीं किया जा सका। इसके लिए आगे की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जाएगी।