शामली। जिले में तेजी से साइबर ठगी के मामले बढ़े हैं। हर माह करीब डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी जालसाज लोगों से कर रहे हैं।
एक साल में 18 करोड़ की ठगी जिले में हो चुकी है, जिनमें से आठ करोड़ रुपये साइबर थान पुलिस होल्ड करा चुकी है। सबसे अधिक टेलीग्राम पर इन्वेस्टमेंट और रिश्तेदार बनकर ठगी के मामले सामने आ रहे हैं।
मोबाइल फोन पर अज्ञात काल, ब्लैकमेल करना, अनजान लिंक को खोलना और खाते संबंधी जानकारियां साझा करना ठगी का प्रमुख कारण बन रहा है।
साइबर पुलिस के पास दर्ज आंकड़ों की बात करें तो जिले के लोगों के खातों से हर महीने डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी हो रही है।
साइबर थाना प्रभारी संजीव भटनागर ने बताया कि एक साल में 20 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें 9 मामले टेलीग्राम में इन्वेस्टमेंट, दो मामले सेक्सटाॅर्शन और नौ मामले रिश्तेदार बनकर ठगी के हैं।
ठगी की सूचना समय पर देने पर आठ करोड़ रुपये पीड़ितों के होल्ड कराए जा चुके हैं, जिनमें कुछ रुपये पीड़ितों को वापस भी दिलाए गए हैं।
स्कूल-कॉलेजों और अन्य स्थानों पर अभियान चलाकर लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है।