बुधवार को दोनों भाईयों की बारात जानी थी। मंगलवार को एक दूल्हा अपनी शादी के कार्ड बांटने की बात कहकर घर से निकल गया। वह देर शाम तक भी घर नहीं लौटा। परिजनों ने रिश्तेदारियों व अन्य स्थानों पर युवक को तलाश किया लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। युवक का मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ था। जिससे परिजनों की चिंता और ज्यादा बढ़ गई। दूल्हे का पता न चलने पर बुधवार की सुबह परिजन गढ़ीपुख्ता थाने पहुंचे और पुलिस से युवक को तलाशने की गुहार लगाई।
प्रेमिका के घर मिला दूल्हा, पुलिस समझा बुझाकर वापस लाई
पुलिस ने जब युवक के मोबाइल फोन की लोकेशन जांची तो पहली लोकेशन बागपत में मिली, उसके बाद देर रात लोकेशन थानाभवन के एक गांव में मिली। पुलिस ने जब युवक के फोन पर कॉल किया तो उसने बताया कि वह अपनी प्रेमिका के यहां है और उसी के साथ शादी करेगा।
परिजनों ने युवक को काफी समझाया लेकिन उसने वापस आने और मंगेतर से निकाह करने से साफ इनकार दिया। थाना प्रभारी ने युवक को कड़ी हिदायत दी। जिसके बाद युवक घर आने व निकाह के लिए तैयार हुआ। परिजन तुरंत युवक के बताए गए गांव पहुंचे। उसे वहां से लाकर दूसरे दूल्हे के साथ लड़की पक्ष के यहां पहुंच गए। जहां उनका निकाह संपन्न कराया गया। यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।