कस्बा गढ़ीपुख्ता के मोहल्ला कुरैशियान निवासी गुलनवाज (48) और उनके बेटे दानिश कुरैशी (16) की मेरठ जिले में मोदीपुरम के निकट सड़क हादसे में मौत हो गई। उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हुई, जिसे नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया। पिता-पुत्र की मौत से परिजनों में गम का माहौल है और मोहल्ले में शोक छाया हुआ है।
गुलनवाज पिछले कई वर्ष से रीढ़ की हड्डी की बीमारी से पीड़ित थे और चल-फिर नहीं सकते थे। शुक्रवार सुबह उनकी तबीयत बिगड़ने पर उनका बेटा दानिश और पत्नी सलमा इलाज के लिए नोएडा के एक अस्पताल ले गए थे। अस्पताल में डॉक्टरों ने जवाब दे दिया, तो परिजन उन्हें एंबुलेंस से मुजफ्फरनगर के बेगराज हॉस्पिटल ले जा रहे थे।
मोदीपुरम के निकट रास्ते में एंबुलेंस की मिनी ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में गुलनवाज और दानिश की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल सलमा को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और मोहल्ले में शेाक छा गया।
गुलनवाज के चार पुत्र थे। दानिश के बड़े भाई जावेद ने बताया कि वह चार भाई थे, जिनमें दानिश तीसरे नंबर का था। एक बहन शादीशुदा है। हादसे के बाद परिवार के लोग मेरठ के लिए रवाना हो गए।