गोदाम में लगी आग बुझाती फायर ब्रिगेड।
- फोटो : अमर उजाला
जलालाबाद कस्बे के गंगोह रोड स्थित फर्नीचर गोदाम में रविवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटों ने देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे शादी-ब्याह के सीजन के लिए तैयार किया जा रहा फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गया। गोदाम से उठती आग की ऊंची लपटों को देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मौके पर पहुंची पुलिस और एकत्र लोग।
- फोटो : अमर उजाला
गोदाम के मालिक नादिर ने बताया कि वर्तमान में शादी का सीजन चल रहा है और इसी के चलते गोदाम में फर्नीचर तैयार करने का काम तेजी से चल रहा था। रविवार सुबह करीब सात बजे कारीगर काम खत्म करके घर लौटे थे। इसके कुछ ही देर बाद आसपास के लोगों ने गोदाम से धुआं उठता देखा और तुरंत इसकी सूचना दी। जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक गोदाम आग की लपटों से घिरा हुआ था।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका, लेकिन तब तक गोदाम में रखा सोफा, बेड, दीवान, फोम और लकड़ी काटने की मशीनें सहित लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो चुका था।
आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फायर स्टेशन प्रभारी युवकेश ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
ये भी देखें...
मेरठ में सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार ने दो युवकों को कुचला, एक की मौत; नशे में धुत चालक गिरफ्तार