शामली जिले के कैराना कस्बे में सोशल मीडिया पर सक्रिय बताए जा रहे 'मामा गैंग' से जुड़े युवकों की दबंगई का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई। करीब 45 सेकेंड के वायरल वीडियो में कुछ युवक कार सवार एक युवक को जबरन नीचे खींचकर उसकी बेरहमी से पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया।
कार से खींचकर की मारपीट, ईंट से भी किया हमला
वायरल वीडियो में हमलावर युवक को अर्धनग्न कर लाठी-डंडों, बेल्ट और ईंट से हमला करते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि गैंग से जुड़े युवक सोशल मीडिया पर 'मामा गैंग' के नाम से अकाउंट बनाकर अपनी दबंगई का प्रदर्शन करते हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की और देर रात पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया।
यह भी पढ़ें:Meerut: कांवड़ यात्रा के दौरान प्याज-लहसुन का भोजन परोसा, औचक निरीक्षण में खुलासा, प्रशासन ने होटल किया सील
छह नामजद समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा
तीतरवाड़ा निवासी मुनव्वर उर्फ मन्नू ने कैराना कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 19 जुलाई की रात करीब नौ बजे कुछ युवकों ने उसके छोटे भाई वसीम उर्फ तोलू को कैराना बुलाया था। आरोप है कि वहां सोहेब, फरमान, अफरीदी, रिहान, हुसैन, आसिफ और अन्य अज्ञात युवकों ने उसके भाई पर लाठी-डंडों, बेल्ट और ईंटों से हमला कर दिया तथा उसकी हत्या का प्रयास किया। शिकायत के अनुसार शोर सुनकर अन्य लोगों के पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश
जांच अधिकारी पवन सिंह ने बताया कि पीड़ित के भाई की तहरीर के आधार पर छह नामजद और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और मामले की जांच जारी है।